सड़क हादसे में NCC कैडेट डुमेश कुमारी की मौत, माउंट बीसी रॉय शिखर पर फहराया था तिरंगा
मंडी जिले की होनहार बेटी डुमेश कुमार की रोड एक्सीडेंट में जान चली गई. उनकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 20, 2026 at 8:57 PM IST
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर क्षेत्र की होनहार बेटी एवं वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की एनसीसी आर्मी विंग की प्रतिभाशाली कैडेट डुमेश कुमारी की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. इस दुखद घटना से पूरे महाविद्यालय, एनसीसी इकाई और उनके पैतृक गांव सलोग में शोक की गहरी लहर दौड़ गई है. डुमेश के असमय निधन ने न केवल उनके परिवार बल्कि उन सभी लोगों को गहरा आघात पहुंचाया है, जिन्होंने उनके संघर्ष, साहस और उपलब्धियों को करीब से देखा था.
मूल रूप से गोहर उपमंडल के गांव सलोग (डाकघर बस्सी) की निवासी डुमेश कुमारी वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा थीं. वह पढ़ाई के साथ-साथ एनसीसी आर्मी विंग की सक्रिय एवं अनुशासित कैडेट थीं और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण महाविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं में गिनी जाती थीं. उनके आकस्मिक निधन पर वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान एनसीसी एयर विंग और आर्मी विंग के कैडेटों, प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

डुमेश कुमारी की मौत पर वल्लभ राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया. डॉ. संजीव कुमार ने कहा, 'डुमेश कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और असाधारण उपलब्धियों से यह सिद्ध कर दिया था कि ग्रामीण परिवेश से आने वाली बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं. डुमेश का निधन शिक्षा जगत और एनसीसी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है'.
पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों में विशेष रुचि रखने वाली डुमेश कुमारी ने हाल ही में देश के प्रतिष्ठित हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (HMI), दार्जिलिंग द्वारा आयोजित एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा किया था. इस चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने अदम्य साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए लगभग 18 हजार फीट ऊंचे माउंट बीसी रॉय शिखर पर तिरंगा फहराकर हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया था. उनकी इस उपलब्धि की सैन्य अधिकारियों, प्रशिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सराहना की थी.

डुमेश कुमारी का जीवन युवा पीढ़ी, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत था. उनके सपने बड़े थे और उन्हें पूरा करने का जज्बा उससे भी बड़ा था. लेकिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने उन सपनों को बीच राह में ही रोक दिया. उनकी उपलब्धियां, उनका साहस और उनकी मुस्कान लोगों की यादों में हमेशा जीवित रहेंगी. डुमेश कुमारी के निधन पर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, एनसीसी कैडेटों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है.

ये भी पढ़ें: संजौली मनीषा मित्तल हत्याकांड का LIVE वीडियो आया सामने, CCTV फुटेज में ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिखे दो शूटर

