ETV Bharat / state

HAS Result 2025: पांचवें प्रयास में पाई सफलता, मंडी के मनोज ने हासिल किया 17वां रैंक

मंडी के मनोज कुमार ने 4 बार असफलता के बाद भी हार नहीं मानी और पांचवें प्रयास में HAS परीक्षा में सफलता हासिल की.

HAS exam result 2025
मनोज कुमार ने 17वां रैंक किया हासिल (Manoj Kumar)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 31, 2025 at 11:13 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडी: हिमाचल में HAS 2025 का परिणाम घोषित हो गया है. हिमाचल प्रशासनिक सेवा परीक्षा में मंडी के मनोज कुमार ने 17वां रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. मनोज कुमार मंडी जिले के मझार गांव के रहने वाले हैं. मनोज की ये सफलता उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के बावजूद कई बार असफलता मिलने से निराश हो जाते हैं और हार मान जाते हैं.

4 बार हाथ लगी असफलता

मनोज कुमार ने बताया कि वो साल 2020 से लगातार HAS परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. इसके लिए उन्होंने प्रतिदिन 6 से 8 घंटे नियमित अध्ययन किया. चार बार उनके हाथ असफलता लगी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और परीक्षा की तैयारी जारी रखी. जिसके चलते पांचवें प्रयास में सफलता प्राप्त हुई है. वहीं, मनोज की सफलता ने ये बात साबित कर दी है कि निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है. एक साधारण परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने की उनकी यह यात्रा बेहद प्रेरणादायक है.

पिता आर्मी से हैं रिटायर

मनोज ने बताया कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल रोहाड़ा से दसवीं तक पूरी की. इसके बाद उन्होंने महावीर पब्लिक स्कूल सुंदरनगर से बारहवीं की पढ़ाई की. हायर एजुकेशन के लिए मनोज ने हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला के प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल से एमबीए (विपणन एवं वित्त) की डिग्री हासिल की. मनोज के पिता भारतीय सेना से रिटायर है, जबकि माता शकुंतला गृहिणी है. मनोज की बहन दिल्ली के एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है.

युवाओं के लिए संदेश

वर्तमान में मनोज कुमार उद्योग निदेशालय, शिमला में विस्तार अधिकारी (उद्योग) के पद पर तैनात हैं. अपनी सफलता का श्रेय वे अपने माता-पिता, परिवार के सहयोग और अनुशासित अध्ययन को देते हैं. युवाओं के लिए संदेश देते हुए मनोज कुमार ने कहा कि "आप जो भी लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं, उसे कड़ी मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ जरूर पाया जा सकता है. असफलता से घबराने की बजाए उससे सीख लेकर आगे बढ़ो."

ये भी पढ़ें: डिपो संचालक की बेटी ने रचा इतिहास, मेघा ने HPAS में किया टॉप

ये भी पढ़ें: HAS परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, 30 अभ्यर्थियों का हुआ चयन, सिरमौर की मेघा सिंह कंवर ने किया टॉप