करसोग में कार से 1.8 किलो चरस बरामद, शिमला और मंडी के तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी हुई है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 9, 2026 at 6:06 PM IST
करसोग: हिमाचल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच मंडी जिले की करसोग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. नियमित नाकेबंदी और वाहन जांच के दौरान करसोग पुलिस ने एक कार से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. यह मामला केवल चरस बरामदगी तक सीमित नहीं है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस तक पहुंचाया जाना था. पुलिस को इस कार्रवाई से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की उम्मीद है.
पुलिस के अनुसार, करसोग थाना की टीम ने पजेतरी क्षेत्र के देहर मोड़ पर नियमित नाका लगाया हुआ था. इसी दौरान संदिग्ध होंडा सिटी कार (CH-01AK-4503) को रोककर उसकी तलाशी ली गई. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद हुई. इसके बाद वाहन में सवार तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत कुमार (37) निवासी सुन्नी, जिला शिमला, पदम सिंह (53) निवासी बगशाड़, जिला मंडी और नरेश कुमार (39) निवासी करसोग, जिला मंडी के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. बरामद चरस और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप किस स्रोत से लाई गई थी, इसका असली सप्लायर कौन है और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. मामले की जांच थाना करसोग के प्रभारी इंस्पेक्टर सोम दत्त के नेतृत्व में की जा रही है.
डीएसपी चांद किशोर ने बताया कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि नशीले पदार्थों की तस्करी या कारोबार से जुड़ी कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के बढ़ते खतरे से बचाया जा सके.
ये भी पढे़ं: पुलिस ने किया बड़ी चोरी का खुलासा, 15 तोला सोना और 4 किलो चांदी पर हाथ किया था साफ
ये भी पढे़ं: फोरलेन पर कुल्हाड़ी हमला मामले में बड़ा खुलासा, वारदात में इस्तेमाल गाड़ी मालिक गिरफ्तार

