ETV Bharat / state

भाजयुमो ने CM का पुतला फूंका तो पुलिस ने डाला पानी, कार्यकर्ताओं ने तेल डालकर फिर लगाई आग

मंडी में भाजयुमो ने रोजगार के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया. वहीं, कांग्रेस की रोजगार गारंटी को लेकर सुक्खू सरकार पर निशाना साधा.

मंडी में भाजयुजो का प्रदर्शन
मंडी में भाजयुजो का प्रदर्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 25, 2026 at 6:54 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडी: हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी और कांग्रेस सरकार की रोजगार गारंटी पूरा न करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मंडी शहर में जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का पुतला फूंका और अपना विरोध दर्ज करवाया.

पुलिस ने जलते पुतले पर फेंका पानी, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने डाला तेल

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय गरमा गई जब भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाना जैसे ही शुरू किया तो मौके पर पहुंची पुलिस ने पुतले पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दोबारा पुतले पर तेल डालकर आग लगा दी. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर कुछ देर तक छीनाझपटी भी हुई. मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और काफी देर तक माहौल गरमाया रहा.

भाजयुमो जिलाध्यक्ष योगराज डोगरा ने कहा, "मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चुनाव के दौरान जनता और युवाओं से किए गए वादों तथा गारंटियों को पूरा करने में विफल रहे हैं. कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन अब युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. रोजगार हिमाचल के युवाओं का सबसे बड़ा मुद्दा है और भारतीय जनता युवा मोर्चा इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगा".

उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं से किए गए वादों को गंभीरता से लेते हुए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को गति देने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए. यदि सरकार ने युवाओं की मांगों और रोजगार के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो भाजयुमो आने वाले समय में प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगा.

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं से रोजगार को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे. कांग्रेस ने युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां देने सहित रोजगार से जुड़े कई आश्वासन दिए थे, लेकिन सरकार के कार्यकाल में इन वादों का अपेक्षित असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है.

कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार की तलाश में लगातार संघर्ष कर रहा है और बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं तथा सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: राष्ट्रीय गान के अपमान पर BJP ने जारी किया VIDEO, कहा- झूठ बोलने के लिए सीएम सुक्खू मांगे माफी