नए साल से पहले मनाली में देह व्यापार का भंडाफोड़, मध्य प्रदेश के रहने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
मनाली में देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मनाली पुलिस ने चार महिलाओं को रेस्क्यू किया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 28, 2025 at 1:25 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में भी देह व्यापार का धंधा अब पैर पसारने लगा है. एक ओर नए साल के जश्न से पहले पर्यटन नगरी मनाली में भारी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर मनाली पुलिस ने पर्यटन नगरी में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है. मनाली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही चार महिलाओं को रेस्क्यू किया है.
मनाली में देह व्यापार का भंडाफोड़
मनाली पुलिस के अनुसार, शनिवार, 27 दिसंबर देर शाम थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष शर्मा पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे. इसी दौरान सूचना मिली कि मनाली और रांगड़ी क्षेत्र में महिलाओं से देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने शनि मंदिर के पास, बाहणु क्षेत्र में दबिश दी. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निक्की परमार उर्फ योगी और धर्मेंद्र सोलंकी उर्फ छोटू को धर दबोचा. पुलिस ने मौके से चार महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है.
MP के 2 आरोपी गिरफ्तार
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, "प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के रहने वाले हैं. इस मामले में पुलिस थाना मनाली में अभियोग संख्या 214/25 के तहत धारा 4 व 5 अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष शर्मा द्वारा की जा रही है."
एक्शन मोड में पुलिस
एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि, कुल्लू जिले में अनैतिक गतिविधियों को बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा. इससे पहले भी मनाली में अनैतिक देह व्यापार के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था. उन्होंने कहा कि न्यू ईयर लोग शांति और सुरक्षित मना सकें इसके लिए जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं.
पिछले हफ्ते 3 महिला और 2 युवक गिरफ्तार
यह पहला मामला नहीं है, इसी महीने पिछले हफ्ते भी मनाली पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए 3 महिलाओं और 2 युवकों को गिरफ्तार किया था, जबकि, चार महिलाओं को भी रेस्क्यू किया था. पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एक बार फिर से पर्यटन नगरी में देह व्यापार का भंडाफोड़ हुए है.
ये भी पढ़ें: IGMC में डॉक्टरों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, डॉ. राघव का टर्मिनेशन वापस लेने की मांग पर अड़े, मरीज परेशान
ये भी पढ़ें: नियमों की अवहेलना पर सैलानियों को हो सकती है जेल, पर्यटक इन बातों का रखें ख्याल

