मनाली पुलिस ने देह व्यापार का किया भंडाफोड़, 3 महिला और 2 युवक गिरफ्तार, 4 युवतियों को किया रेस्क्यू
मनाली में देह व्यापार में संलिप्त तीन महिला और दो युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 22, 2025 at 8:01 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में भी अब देह व्यापार का धंधा पैर पसारने लगा है. जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस टीम ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मामले में 3 महिलाओं और 2 युवकों को गिरफ्तार किया है. वहीं, चार महिलाओं को भी रेस्क्यू किया है. पुलिस ने पांचों आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अब इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है.
पर्यटन नगरी में भी अब अनैतिक देह व्यापार का धंधा होने लगा है. मनाली की सड़कों पर युवक और युवतियां देह व्यापार का धंधा कर रही है. ऐसे में मनाली पुलिस ने देह व्यापार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. मनाली पुलिस से मिली सूचना के अनुसार, माल रोड के साथ लगते इलाकों में देह व्यापार जैसी अनैतिक गतिविधि की जा रही है. ऐसे में पुलिस की टीम ने अपना जाल बिछाया और देह व्यापार में शामिल महिला और पुरुषों को गिरफ्तार किया. साथ ही अन्य महिलाओं को भी रेस्क्यू किया.
वेश्यावृत्ति मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया, मनाली पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है. पुलिस टीम ने मामले में 3 महिला और 2 युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में से एक महिला दिल्ली की रहने वाली है और अन्य दो महिलाएं पंजाब की रहने वाली है. वहीं, एक युवक जिला कुल्लू का और दूसरा युवक जम्मू का रहने वाला है'.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 209/2025 दिनांक 22.12.2025 अंतर्गत धारा 4 व 5 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम और धारा 143 बीएनएस–2023 के तहत पुलिस थाना मनाली में मामला दर्ज किया गया है. वही इस मामले में पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: IGMC डॉक्टर और मरीज के बीच जमकर मारपीट, वार्ड बना जंग का मैदान! वायरल VIDEO के बाद डॉक्टर सस्पेंड

