ETV Bharat / state

बिहार में एक शख्स ने 3 साल में की 3 शादी, बोला- एक महिला में जो गुण ढूंढता हूं मिल नहीं रहा

एक शादी कौन बोलता है.. बिहार में शख्स ने तीन साल में तीन शादी कर डाली.. पत्नी कह रही है चौथी की फिराक में है..

MAN MARRIED THREE TIMES
तीन शादी करने वाला गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 26, 2025 at 6:10 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

गोपालगंज : आज की महंगाई के दौर में जहां लोगों को एक शादी करने के बाद पत्नी और बच्चे को पालने में पसीने छूट जाते हैं. वहीं बिहार में एक शख्स ने तीन साल में तीन शादी रचाई. पत्नी का आरोप है कि वह चौथी शादी की फिराक में था.

तीन शादी रचाने वाला गिरफ्तार : यह मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र का है. जहां की पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. मीरगंज थाना की पुलिस ने आरोपी पति को मीरगंज स्थित उसके घर से गुरुवार को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मीरगंज निवासी पिंटू बरनवाल के रूप में हुई है.

14 दिनों की जेल हिरासत : पिंटू बरनवाल पर तीन वर्षों के भीतर बिना तलाक लिए तीन शादियां रचाने का आरोप है. मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पत्नी ने उसके ऊपर धोखाधड़ी व दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से पुलिस ने पूछताछ कर कोर्ट में पेश किया. जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

क्या है पूरा मामला? : सिवान जिले के गोरिया कोठी निवासी 24 साल की सुनीता कुमारी (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उनकी शादी अप्रैल 2024 में मीरगंज निवासी स्व. वशिष्ठ बरनवाल के बेटे पिंटू बरनवाल से हुई थी. शादी के बाद पता चला कि पिंटू की पहले ही शादी हो चुकी है. सुनीता का कहना है कि बिना तलाक के पिंटू ने तीसरी शादी भी कर ली. ठगी का शिकार महसूस करते हुए सुनीता ने मीरगंज थाने में पति पिंटू, उसकी मां और बहन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और बहुविवाह का मुकदमा दर्ज कराया.

'दहेज लेकर की थी शादी' : इसी तरह का आरोप पिंटू की पहली पत्नी बबीता (बदला हुआ नाम) ने भी अपने पति पर लगाया है. बबीता ने बताया कि 2022 में हिंदू रिवाजों से उसकी शादी पिंटू से हुई थी. शादी में उसके पिता ने 20 ग्राम सोना, चांदी और तीन लाख रुपये नकद दिए थे. फिर भी पति दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगा. उसने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे घर से निकाल दिया गया था.

''पिंटू ने अब सारण जिले की एक युवती से तीसरी शादी की है, जो हाल में मां भी बनी है. पिंटू जल्द ही चौथी-पांचवीं शादी भी कर सकता है.''- आरोपी पिंटू की पहली पत्नी

दोनों पत्नी मिलकर पहुंच गई थाने : पिंटू की पहली दो पत्नी सुनीता और बबीता ने एक-दूसरे से संपर्क किया. इसके बाद दोनों पत्नियों ने मिलकर मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. इनमें से दो पत्नियां दो बच्चों की मां भी बन चुकी हैं. दोनों पत्नियों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने आखिरकार पिंटू बरनवाल को गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

''आरोपी के खिलाफ बहुविवाह, दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पत्नियों का यह भी आरोप है कि वह चौथी शादी की भी तैयारी कर रहा था. लड़कियों को शादी के नाम पर ठगना उसका पेशा बन गया था.''- दुर्गानंद मिश्रा, थानाध्यक्ष, मीरगंज

'ये सब अपनी मां के लिए किया' : गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने चौंकाने वाला तर्क दिया. उसने स्वीकार किया कि उसने तीन शादियां की हैं, लेकिन उसका दावा है कि उसने यह सब अपनी बुजुर्ग और बीमार मां की सेवा के लिए किया. उसने आरोप लगाया कि पहली दो पत्नियां उसकी मां की देखभाल नहीं करती थीं और खाना तक नहीं बनाती थीं, जिसके कारण उसे तीसरी शादी करने पर मजबूर होना पड़ा.

पिंटू का दावा है कि सभी शादियां दहेज रहित थीं. मैं एक महिला में जो गुण ढूंढता हूं, वह नहीं मिला है. दोनों पत्नियों ने झूठे आरोप लगाए हैं. पिंटू ने कहा कि पत्नी चाकू से हमला करती थी, मां के लिए खाना नहीं बनाती थी. हमने कोर्ट नोटिस भी भेजा था, लेकिन जवाब नहीं मिला, इसलिए तीसरी शादी की. पिंटू का कहना है कि दूसरी शादी से पहले उसने पहली पत्नी के बारे में सब बता दिया था.

ये भी पढ़ें :-

'हमें लड़कों में रुचि नहीं..' बिहार में दो लड़कियों ने गैस चूल्हा जलाकर लिए सात फेरे

शादी के मौके पर क्यों बनाई जाती है 'कोहबर', जानें दीवार से कपड़े तक पहुंचने की कहानी