ETV Bharat / state

घर में घुसकर 3 साल के मासूम को अगवा करने का प्रयास, मां ने शोर मचाया तो भागा, पुलिस कर रही जांच

महावीर नगर थाना इलाके के केशवपुरा सेक्टर 7 में रविवार रात एक बच्चे को अगवा करने की कोशिश की गई.

बच्चे की अपहरण की कोशिश
बच्चे के अपहरण की कोशिश (ETV Bharat Kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 2, 2026 at 12:17 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा : हाड़ौती संभाग में लगातार बच्चों को उठाने वाली गैंग को लेकर अफवाह फैल रही है. ऐसे में शहर के महावीर नगर थाना इलाके के केशवपुरा सेक्टर 7 में रविवार रात एक बच्चे को अगवा करने की कोशिश की सूचना पर हडकंप मच गया. इस मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि अज्ञात व्यक्ति ने 3 साल के बच्चे को घर में घुसकर उठाने की कोशिश की है. इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और आसपास के कैमरे भी खंगाले हैं.

मौके पर पहुंचे महावीर नगर थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर साबिर हुसैन का कहना है कि उन्हें 10:30 बजे सूचना मिली थी. इसमें बताया कि अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर तीन साल के बच्चे को उठाकर ले जा रहा था, लेकिन खाना बना रही उसकी मां ने देख लिया और चिल्लाने पर वह व्यक्ति छोड़कर भाग गया. इस पूरे घटनाक्रम में लोगों का जमावड़ा घर के बाहर लग गया. उन्होंने घटना साढ़े 8 बजे की बताई है. लोगों से बातचीत की है. आसपास के कैमरे चेक किए जा रहे हैं, जिसमें फिलहाल कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया है. इसके बाद भी मामले में पड़ताल की जा रही है.

पढ़ें. फुटपाथ से 9 माह के बच्चे को उठा ले गए नाबालिग, कोटा पुलिस तलाश में जुटी

लड़के के ताऊ राहुल साहू ने बताया कि उनके घर पर कोई भी मौजूद नहीं था और छोटे भाई की पत्नी और उसका बच्चा घर पर था. बच्चा घर के भीतर खेल रहा था और छोटे भाई की पत्नी खाना बना रही थी. इसी दौरान घर की कुंडी खोलकर एक व्यक्ति घर में प्रवेश कर गया. उस व्यक्ति को घर के लोग नहीं जानते हैं. छोटे भाई की पत्नी के चिल्लाने पर ऊपर से किराएदार ने भी आवाज दी थी, जिसके बाद वह अचानक फरार हो गया. इस पूरे मामले में जांच पड़ताल की बात कर रहे हैं.