ETV Bharat / state

डॉक्टर ने खुद पर डाला पेट्रोल.. हाथ में माचिस लेकर पुलिस को दी बड़ी चेतावनी

मोतिहारी में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी. काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा..

encroachment removal in Motihari
अतिक्रमण हटाने के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 30, 2026 at 4:37 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब एक युवक ने आत्मदाह की धमकी दी. दरअसल हाईकोर्ट के आदेश पर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मंगलवार को एक युवक ने अपने घर की छत पर चढ़कर खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आत्मदाह की धमकी देने लगा. युवक की इस हरकत से मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया.

अतिक्रमण हटाने के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा : हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. जानकारी के अनुसार, तुरकौलिया चौक के पास लोक निर्माण विभाग (PWD) की जमीन पर लंबे समय से 15 से अधिक लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने का मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा था.

encroachment removal in Motihari
मौके पर जेसीबी (ETV Bharat)

PWD की जमीन को किया जा रहा अतिक्रमणमुक्त: मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने संबंधित भूमि को खाली कराने का निर्देश दिया था. इसी आदेश के अनुपालन में मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की. अभियान का नेतृत्व तुरकौलिया के अंचलाधिकारी (CO) संतोष कुमार कर रहे थे. उनके साथ पुलिस बल और जेसीबी मशीन भी मौजूद थी. प्रशासन की टीम जैसे ही अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई में जुटी, उसी दौरान एक युवक ने विरोध शुरू कर दिया.

छत पर चढ़कर शरीर पर डाला पेट्रोल: बताया जा रहा है कि ग्रामीण चिकित्सक के रूप में पहचान रखने वाले 32 वर्षीय ए. आलम (डी. आलम) ने अपने घर का दरवाजा बंद कर लिया और छत पर चढ़ गया. उसके हाथ में पेट्रोल से भरा गैलन था. कुछ ही देर में उसने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया और हाथ में माचिस थामे प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उसका मकान तोड़ा गया तो वह आत्मदाह कर लेगा.

encroachment removal in Motihari
लोगों में हड़कंप (ETV Bharat)

मुआवजे की मांग: युवक लगातार अपने मकान के बदले मुआवजे की मांग कर रहा था. उसकी इस हरकत से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और कुछ देर के लिए अभियान भी प्रभावित हुआ.

प्रशासन की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना: स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तुरंत युवक से बातचीत शुरू की. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिसकर्मी और प्रशासनिक टीम छत पर पहुंचने में सफल रहे. इसके बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

"सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए मकानों के लिए किसी प्रकार के मुआवजे का प्रावधान नहीं है. यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देश पर की जा रही है और प्रशासन न्यायालय के आदेश का पालन करने के लिए बाध्य है. अचानक हुई बारिश के कारण मंगलवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान रोकना पड़ा. मौसम सामान्य होने पर बुधवार को फिर से कार्रवाई शुरू की जाएगी."- संतोष कुमार, तुरकौलिया के अंचलाधिकारी

"न्यायालय के आदेश का पालन कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. यदि कोई भी व्यक्ति सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."- निशांत सिहारा, सदर एसडीओ

इलाके में बना रहा तनाव: उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कानून का सम्मान करें और प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग दें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा. किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.

प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील: प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया न्यायालय के आदेश के तहत और कानूनी प्रावधानों के अनुसार की जा रही है.फिलहाल युवक सुरक्षित है और प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में होने की बात कही है. बुधवार को मौसम अनुकूल रहने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू की जाएगी.

ये भी पढ़ें

अतिक्रमण और जल निकासी पर पटना हाईकोर्ट में सुनवाई, सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

बिहार में सरकारी जमीन पर बनी झुग्गी-झोपड़ी में आखिर कैसे लगा बिजली मीटर?