अलवर में पेट्रोल पंप के पास बैठे व्यक्ति को स्कूटी ने मारी टक्कर, सिर की नस फटने से मौत
परिजनों ने अलवर जिला अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया.

Published : June 30, 2026 at 5:05 PM IST
अलवर: शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब युवक थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के पास बैठा था. इस दौरान तेज रफ्तार स्कूटी ने बैठे हुए युवक को टक्कर मार दी. इस हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट लगी. लोग युवक को जिला अस्पताल लाए. वहीं परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. इधर, अलवर जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा ने कहा कि परिजनों की शिकायत की जांच कर रहे हैं. इस मामले में रात में किसी चिकित्सक या कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी, तो कार्रवाई की जाएगी.
अरावली विहार थाना के एएसआई इलियास खान ने बताया कि घटना की सूचना पर थाने से जाप्ता अस्पताल पहुंचा. घटना की जानकारी ली. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार युवक की मौत जयपुर ले जाते समय बख्तल की चौकी के पास हुई. युवक की पहचान इशाक खान के रूप में हुई है. मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम अलवर जिला अस्पताल में कराया. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में अनुसंधान किया जाएगा.
नशे में था स्कूटी चालक: घटना के संबंध में मृतक इशाक के भाई अशरफ खान ने बताया, मृतक घटना के दौरान अंबेडकर नगर स्थित पेट्रोल पंप के पास बैठा था. तभी स्कूटी सवार ने टक्कर मार दी. युवक के सिर पर चोट लगी और सिर की नस फट गई. गंभीर घायल इशाक को अलवर अस्पताल पहुंचाया. मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि स्कूटी सवार घटना के दौरान शराब के नशे में था.
इलाज में लापरवाही का आरोप: मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया. परिजनों ने कहा कि गंभीर घायल हालत में युवक को 1 घंटे तक बिना उपचार के अस्पताल परिसर में स्ट्रेचर पर रखा गया. इसके बाद उसे जयपुर रेफर कर दिया. एंबुलेंस से जयपुर जाते समय युवक की बख्तल की चौकी के पास मौत हो गई.

