ETV Bharat / state

प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े अधेड़ की गोली मारकर हत्या, गर्दन और सीने पर लगी बुलेट, रमजान में मुंबई से घर आए थे

बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है.

मौके पर पहुंची पुलिस ने की जांच पड़ताल.
मौके पर पहुंची पुलिस ने की जांच पड़ताल. (Photo Credit; Pratapgarh Police)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 2, 2026 at 10:44 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

प्रतापगढ़ : मानधाता कोतवाली क्षेत्र में दिनदिहाड़े बेखौफ दबंगों ने एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी. बदमाशों ने दो गोली मारी है. गोली गर्दन और सीने में लगी. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राजा प्रताप बहादुर अस्पताल ले आई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि मारपीट की पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है. हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस कांबिंग कर रही है. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है.

मृतक के भतीजे नियाजुद्दीन खां ने बताया, चाचा मो. सलीम (55) मुंबई में प्राइवेट वाहन चालक थे. रमजान में छुट्टी लेकर घर आए थे. सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खेत की ओर गए थे. वहां पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. नियाजुद्दीन ने बताया, परिवार की 25 साल पहले दुश्मनी थी, लेकिन उसमें सुलह समझौता हो गया था.

पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डेढ़ माह पहले मो. सलीम के परिवार के लोगों की पड़ोसी से मारपीट हुई थी. पड़ोसी के परिवार के एक युवक के दोनों पैर तोड़ दिए गए थे. इससे दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी. इसी रंजिश में घटना होने की आशंका बताई जा रही है. दोनों पक्षों में मामले का समझौता भी हो गया था. परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी खलील द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया. वहीं परिजनों का आरोप है कि खलील के ऊपर आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं.

एएसपी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मामला मानधाता कोतवाली के रामनगर गांव का है. जहां सलीम को गोली मारी गई. घायल अवस्था में उसे अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों ने खलील और अखलाक पर हत्या करने का आरोप लगाया है. एक व्यक्ति को हिरास्त में भी लिया गया है. मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाही की जाएगी.

यह भी पढ़ें : रायबरेली में लूट करने वाले 6 बदमाश गिरफ्तार, महंगे शौक को पूरा करने के लिए करते थे लूटपाट