चंडीगढ़ में तांत्रिक बनकर महिला से 40 लाख रुपए की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
तांत्रिक बनकर मानसिक रूप से बीमार महिला को समस्याओं से मुक्ति दिलाने के नाम पर 40 लाख रुपये की ठगी का आरोपी गिरफ्तार.

Published : February 10, 2026 at 4:23 PM IST
चंडीगढ़: अभी तक पुलिस, सीबीआई, कस्टम अधिकारी सहित अन्य नाम पर साइबर ठगी किया जा रहा था. लेकिन चंडीगढ़ में तांत्रिक बनकर लोगों को ठगी का एक नया मामला सामने आया है. चंडीगढ़ सेक्टर 17 में तांत्रिक बनकर एक बीमार महिला से 40 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का एक आरोपी को साइबर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है.
सोशल मीडिया पोस्ट से लोगों को फंसाता था: केस से जुड़े चंडीगढ़ पुलिस के साइबर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि यह व्यक्ति अपने साथी के साथ फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन डालकर लोगों को भावुक और पारिवारिक समस्याओं का समाधान करने का झांसा देता था.
मानसिक तौर से बीमार है महिलाः पुलिस ने बताया कि जिस महिला की ओर से शिकायत की गई है वह मानसिक तौर से बीमार है. जिसकी मजबूरी का फायदा उठाकर आरोपियों ने पहले उसका भरोसा जीता फिर उसे अलौकिक खतरे बताकर डराने और पैसे और गहने जेवरात ठग लिए गए.
150 ग्राम सोने का आभूषण भी ले गए ठगः महिला ने बताया कि "मैं फरवरी 2024 से 2025 के बीच अलग-अलग खातों में कई बार पैसे ट्रांसफर कर चुकी है." साथ ही लगभग 150 ग्राम सोने की आभूषण भी उससे ले लिए गए. पूरी घटना के तहत अब तक 40 लाख रुपए महिला से ठगे गए.
राजस्थान के झुंझुनू का निवासी है आरोपीः एसपी साइबर गीतांजलि खंडेलवाल के निर्देश पर मामले में कार्रवाई की गई है. साइबर क्राइम के अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान बैंक खाता मोबाइल नंबर और केवाईसी दस्तावेज के आधार पर आरोपी की पहचान रोहित भार्गव के तौर पर हुई है. वह झुंझुनू राजस्थान का रहने वाला है. छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. वहीं पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने सारे गुनाह मान लिया है.

