पहले खीर में मिलाकर दी नींद की गोलियां, फिर हाथ-पैर बांधकर कीटनाशक पिलाया, पत्नी ने रची खौफनाक साजिश
पानीपत के गढ़ सरनाई गांव में महिला ने अपने भतीजे के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. प्रेम प्रसंग के चलते खौफनाक साजिश रची.

Published : June 19, 2026 at 7:07 PM IST
|Updated : June 19, 2026 at 8:24 PM IST
पानीपत: हरियाणा के पानीपत में रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई. जिसने हर किसी को सन्न कर दिया. गढ़ सरनाई गांव में पत्नी ने पति की बेरहमी से हत्या कर दी. हैरान करने वाली बात ये रही कि इस खूनी साजिश में उसका मददगार कोई और नहीं, बल्कि उसका भतीजा था. अवैध संबंधों के चलते रास्ते से हटाने के लिए पहले महिला ने अपने पति को खीर में नींद की गोलियां मिला कर खिला दी.
प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या: जब महिला का पति बेहोश हो गया तो, महिला और उसके भतीजे ने मिलकर उसके हाथ-पैर बांधकर मुंह में कीटनाशक ठूंसा दिया. इसके बाद दोनों ने मिलकर लोहे के पाइप से वार किया और गला घोंट दिया. पानीत पुलिस ने महज 10 दिनों के भीतर इस कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए पत्नी और उसके प्रेमी भतीजे को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार: डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार ने बताया कि "7 जून को गांव गढ़ सरनाई में करीब 40-42 वर्षीय शख्स का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए थे. मृतक की माता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई."
दोनों ने बनाई थी हत्या की योजना: जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी और उसके भतीजे के बीच नजदीकियां थीं. दोनों ने मिलकर शख्स को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. साजिश के तहत पहले खीर में नींद की गोलियां मिलाकर शख्स को खिलाई गईं. जब वो बेहोश हो गया, तो महिला ने अपने भतीजे को घर बुला लिया. दोनों आरोपियों ने बेहोशी की हालत में युवक को कीटनाशक पिलाया और उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी. घटना को प्राकृतिक मौत दिखाने की भी कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की गहन जांच में पूरा मामला उजागर हो गया.
न्यायिक हिरासत में महिला, भतीजा पुलिस रिमांड पर: डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि "आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि भतीजे को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में आगे की जांच जारी है."

