शराब पिलाने से मना किया तो चाकू गोद कर शख्स की हत्या, चिकन की दुकान पर हुआ विवाद
Man murdered in Faridabad: फरीदाबाद में शराब पिलाने से मना किया तो युवक ने शख्स की हत्या कर दी.

Published : January 2, 2026 at 6:54 PM IST
फरीदाबाद: बडौली गांव में युवक की हत्या का मामला सामने आया है. मिली जानकारी के मुताबिक शराब पिलाने से मना किया तो आरोपी ने चाकू गोद कर शख्स की हत्या कर दी. हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा.
फरीदाबाद में शख्स की हत्या: मृतक की पहचान मोहम्मद रिजवान के रूप में हुई है. 50 वर्षीय मोहम्मद रिजवान फरीदाबाद के बडौली गांव में रहता था. वो एक कंपनी में लेबर के रूप में काम करता था. रिजवान के पुत्र मोहम्मद एजाज के मुताबिक नए साल के दिन वो चिकन लेने के लिए घर से निकले थे. जब वो चिकन की दुकान पर पहुंचे, तो गांव के ही एक युवक ने उनसे शराब पिलाने की मांग की. जब रिजवान ने मना किया, तो दोनों के बीच बहस हो गई. इसके बाद गुस्साए युवक ने चिकन की दुकान से चाकू लेकर मोहम्मद रिजवान पर वार कर दिया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपी की तलाश जारी: फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल यादव के मुताबिक "पुलिस ने इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा."
ये भी पढ़ें- अंबाला में युवक ने दोस्त पर की फायरिंग, बैग को लेकर हुआ था विवाद

