किरायेदार से हुआ प्यार तो पति को रास्ते से हटाने की रची साजिश, तीन गिरफ्तार
गढ़वा के चिनिया में पति की हत्या के आरोप में पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के साथ एक और शख्स को गिरफ्तार किया है.

Published : August 29, 2026 at 7:58 PM IST
गढ़वा: मकान मालकिन से प्यार हुआ तो पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची गई. तीन बच्चों की मां पर प्रेमी के साथ मिलकर पति को सड़क दुर्घटना का शिकार बनाने का आरोप है. हादसे में पति की मौत के बाद पत्नी ने इसे साधारण सड़क हादसा बताने की कोशिश की, लेकिन मृतक की मां को बहू की कहानी पर भरोसा नहीं हुआ.
मां की शिकायत पर पुलिस ने करीब दो महीने तक गहन जांच की और पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी मोहम्मद हसन और सहयोगी मोहम्मद परवेज को गिरफ्तार कर लिया है.
यह मामला छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जबकि पुलिस की कार्रवाई झारखंड के गढ़वा जिले में हुई. पुलिस के अनुसार, मोहम्मद हसन किराये के मकान की तलाश में एक परिवार के घर पहुंचा. मकान मिलने के बाद उसकी नजदीकियां मकान मालकिन मनीषा देवी से बढ़ने लगीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए.
बताया जा रहा है कि मनीषा अपने पति रवि प्रकाश से अलग होना चाहती थी. उसने तलाक लेने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बन पाई. इसके बाद पुलिस के मुताबिक, मनीषा और मोहम्मद हसन ने रवि प्रकाश को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रची. साजिश के तहत मनीषा अपने मायके गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र के बरवाही गांव पहुंच गई और पति को फोन कर मायके बुलाया. रवि प्रकाश को लगा कि पत्नी से विवाद खत्म हो गया है, इसलिए वह मिलने के लिए ससुराल के लिए रवाना हो गया. उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसके पीछे एक खौफनाक साजिश रची जा चुकी है.
पुलिस के अनुसार, रवि प्रकाश के घर से निकलते ही मनीषा लगातार उसके मोबाइल लोकेशन की जानकारी मोहम्मद हसन को देती रही. जैसे ही रवि प्रकाश बरवाही गांव के पास पहुंचा, जंगल के निकट मोहम्मद हसन ने अपने सहयोगी मोहम्मद परवेज के साथ कथित तौर पर उसकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. इस हादसे में रवि प्रकाश की मौत हो गई. इसके बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई.
मृतक की पत्नी मनीषा ने पुलिस को आवेदन देकर अज्ञात वाहन की टक्कर से पति की मौत होने की बात कही. लेकिन मृतक की मां को यह कहानी हजम नहीं हुई. उन्होंने इसे सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए अपनी बहू मनीषा के खिलाफ पुलिस को आवेदन दिया और पूरे मामले की जांच की मांग की. मां की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की तो कई ऐसे सुराग सामने आए, जिन्होंने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया.
पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए मृतक की पत्नी के मोबाइल नंबर की पड़ताल शुरू की. जांच में सामने आया कि मनीषा एक ही समय में अलग-अलग लोगों से लगातार संपर्क में थी और मोहम्मद हसन से उसकी लगातार बातचीत हो रही थी. पुलिस के मुताबिक, जिस समय रवि प्रकाश के साथ दुर्घटना हुई, उसी दौरान मनीषा ने उसके मोबाइल लोकेशन की जानकारी मोहम्मद हसन को दी थी.
तकनीकी जांच में मोहम्मद हसन का लोकेशन भी घटनास्थल के आसपास पाया गया. इसी आधार पर पुलिस ने मोहम्मद हसन को गढ़वा जिले के भंडरिया से गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार हसन ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मनीषा देवी और सहयोगी मोहम्मद परवेज को भी गिरफ्तार कर लिया.
रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मामला काफी समय से अनसुलझा था. मृतक की मां के आवेदन के बाद पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से जांच आगे बढ़ाई. मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके बाद मामले का खुलासा हुआ.
यह भी पढ़ें:
रांची के औघड़ बाबा आश्रम के पास युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
जरमुंडी विधायक के घर से कुक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
जमशेदपुर में होटल कारोबारी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

