पीलीभीत में 7 बीघा जमीन के लिए रिश्तों का कत्ल; छोटे भाई को मारकर घर में 8 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफनाया, आरोपी गिरफ्तार
बीसलपुर सीओ प्रगति चौहान ने बताया कि जमीनी विवाद में छोटे भाई की हत्या के आरोप में नक्षत्रपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : December 26, 2025 at 10:40 PM IST
|Updated : December 26, 2025 at 11:00 PM IST
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक शख्स ने अपने छोटे भाई को सात बीघा जमीन को लेकर मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद उसने हत्या को छिपाने के लिए उसकी लाश घर में 8 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दी. बीसलपुर सीओ प्रगति चौहान ने बताया कि आरोपी नक्षत्रपाल सिंह ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
12 दिसंबर से हंसराज लापता था: बीसलपुर सीओ प्रगति चौहान ने बताया कि यह वारदात बिलसंडा थाना क्षेत्र के लिलहर गांव में हुई. बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भौरूआ में हंसराज (35 वर्ष) अपने बड़े भाई पृथ्वीराज के साथ रहता था. मंझला भाई नक्षत्रपाल सिंह अपने ननिहाल लिलहर गांव में रहता था. विवाद की वजह ननिहाल में मिली सात बीघा जमीन थी. इसको लेकर भाइयों में विवाद चल रहा था.
बड़े भाई ने हत्या की आशंका जताई: 12 दिसंबर को हंसराज अपने बड़े भाई पृथ्वीराज को बताकर लिलहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा. पृथ्वीराज ने पुलिस को हंसराज के लापता होने की सूचना दी और नक्षत्रपाल पर हत्या का शक जताया. शुक्रवार शाम करीब 4 बजे जब पुलिस ने लिलहर गांव पहुंचकर आरोपी नक्षत्रपाल से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसने 14 दिसंबर को ही हंसराज की हत्या कर दी थी.
हंसराज की लाठी-डंडों से पिटाई: बीसलपुर सीओ प्रगति चौहान ने बताया कि पहले नक्षत्रपाल ने गांव के बाहर मंडी के पास हंसराज की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की थी. अधमरी हालत में उसे घर लाया गया. वहां उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसने घर के अंदर ही 8 फीट गहरा गड्ढा खोदा और भाई की लाश दबा दी. वारदात की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची.
घर में 8 फीट गहरा गड्ढा खोदकर लाश दफनाई थी: सीओ प्रगति चौहान ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में गड्ढे की खोदाई शुरू की गई, ताकि शव को बाहर निकाला जा सके. फॉरेंसिक टीम ने कमरे और घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए. जमीनी विवाद के चलते हत्या की बात सामने आई है. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- कन्नौज में बीएससी के छात्र की प्रोटीन शेक पीने के बाद तबीयत बिगड़ी; 14 दिन बाद हुई मौत, जिम संचालक के खिलाफ FIR दर्ज

