पत्नी के साथ चलते-चलते प्रोफेसर ने दे दी जान, मार्च में हुई थी शादी.. अप्रैल में मिली थी नौकरी
समस्तीपुर में पत्नी के साथ घर लौट रहे प्रोफेसर नवीन कुमार ने गंडक नदी में कूदकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी. रिपोर्ट- अमित कुमार

Published : August 29, 2026 at 6:54 PM IST
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में आत्महत्या का एक अलग ही मामला सामने आया है. यहां पत्नी के साथ घर जा रहा एक शख्स गंडक नदी में कूद पड़ा. अचानक घटी इस इस घटना को जबतक पत्नी समझ पाती, तबतक शख्स बूढ़ी गंडक नदी में वह डूब चुका था. शनिवार को करीब 24 घंटे बाद मृत युवक का शव घटनास्थल से कुछ दूर नदी में मिला है.
इसी वर्ष मार्च में हुई शादी: मृत युवक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के केलुहारा वार्ड संख्या-8 निवासी उमेश महतो के 29 वर्षीय पुत्र नवीन कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि नवीन कुमार की शादी इसी वर्ष मार्च में हुई थी. वहीं अप्रैल में सीतामढ़ी के राजकीय प्लस टू डिग्री कॉलेज, परसौनी में सहायक प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति हुई थी.
गंडक नदी में लगाई छलांग: मृतक के परिजन की मानें तो, रक्षाबंधन के अवसर पर नवीन अपनी पत्नी के साथ ट्रेन से सीतामढ़ी से समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. ट्रेन से उतरने के बाद दोनों पति-पत्नी घर जाने के लिए गंडक नदी पुल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पुल पर पहुंचते ही नवीन ने अचानक गंडक नदी में छलांग लगा दी. परिजनों ने बताया कि नवीन को नदी में छलांग लगाते देख उनकी पत्नी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी.

24 घंटे बाद शव बरामद: वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मथुरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में खोज अभियान शुरू कराया गया. गंडक नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को शव की तलाश में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा. करीब 24 घंटे तक लगातार खोजबीन के बाद शहर के बहादुरपुर इलाके के पास नदी से नवीन कुमार का शव बरामद हुआ.
सदर अस्पताल भेजा गया शव: पुलिस ने शव मिलने के बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि जांच के दौरान मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस घटना के कारणों की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह के झगड़े जैसी कोई बात नहीं थी. हमलोग सीतामढ़ी से घर जा रहे थे, अचानक नवीन ने नदी में छलांग लगा दी.
थानाध्यक्ष का बयान: वहीं मामले में मथुरापुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि गंडक नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. वही उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फिलहाल घटना के कारणों की जांच कर रही है.
"गंडक नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फिलहाल घटना के कारणों की जांच कर रही है."- राहुल कुमार, मथुरापुर थानाध्यक्ष
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: गौरतलब है कि मृत प्रोफेसर नवीन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. पिता उमेश महतो की माने तो इसी वर्ष मार्च में उसकी शादी हुई थी और शादी के करीब एक महीने बाद ही उसे सहायक प्रोफेसर की नौकरी मिली थी. नौकरी और शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
इसे भी पढ़ें-
सोशल मीडिया पर हुआ प्यार, MP से बिहार मिलने पहुंचा युवक.. प्रेमिका के घर के सामने की आत्महत्या
वंदे भारत के आगे किशोरी ने लगाई छलांग, लोको पायलट की सूझबूझ से बची जान

