गढ़वा में जंगली हाथियों का आतंक, हमले में एक की मौत और एक घायल
गढ़वा के रंका थाना क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. जबकि एक व्यक्ति घायल है.

Published : June 27, 2026 at 3:40 PM IST
गढ़वा: जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. दो दिन पहले एक हाथनी की मौत के बाद आज जंगली हाथियों के झुंड ने एक गांव पर हमला कर दिया. जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल है. इस दौरान हाथी के झुंड ने कई घरों को भी ध्वस्त कर दिया है.
जिले के रंका वन क्षेत्र के बांदु चूतरू गांव में अहले सुबह हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया. इस दौरान पूरे गांव में अफरा तफरी का माहौल हो गया. मौके पर झुंड ने डिगर मांझी को अपनी चपेट में ले लिया और पटक पटककर उसे मौत के घाट उतार दिया. वहीं एक अन्य व्यक्ति सरदार मांझी को घायल कर दिया. हाथियों के झुंड ने गांव में करीब दो घंटा रहकर उत्पात मचाते हुए चार घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है.
जांच में जुटी वन विभाग की टीम
हाथियों के झुंड गांव से जाने के बाद मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची और शव को रंका थाना ले आई और मामले की छानबीन में जुट गई. हाथियों के द्वारा लगातर नुकसान पहुंचाने पर ग्रामीणों में आक्रोश है. फिलहाल वन विभाग मृतक के आश्रितो को मुआवजा देने की प्रक्रिया में है और नुकसान का आकलन कर रही है. ग्रामीणों ने कहा कि लगातर हो रही इस घटना से गांव में रात को दहशत का माहौल बना रहता है.
कुछ दिन पहले एक हथीनी की मौत हो गई थी और कुछ ग्रामीणों का मानना है कि हाथी इसीलिए उपद्रव मचा रहे हैं. हालांकि वन विभाग की टीम इस घटना को हाथी का बदला नहीं मान रहा है. डीएफओ का मानना है कि हाथी की मौत जांच में वैसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है कि हाथी का हत्या किया गया हो. उन्होंने कहा कि रात में हाथियों का हमला हुआ है. जिसमें एक की मौत के साथ-साथ कई घर को भी नुकसान पहुंचा है.
ये भी पढ़ें: गढ़वा के चिनियां प्रखंड के जंगल में मिला हाथी का शव, जांच में जुटा विभाग
24 घंटे में हाथी ने दो महिलाओं को मार डाला, दहशत में गुजर रही रात
गिरिडीह में हाथी की संदिग्ध मौत, मौके पर पहुंचे DFO, जांच में जुटा वन विभाग

