बिहार में ताबड़तोड़ फायरिंग कर बुजुर्ग की हत्या, गोली लगने से रिश्तेदार की हालत नाजुक
बक्सर में बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी. एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, दूसरे की हालत नाजुक है. जानें कारण-

Published : December 16, 2025 at 11:59 AM IST
बक्सर: बिहार के बक्सर में अपराधियों ने एक शख्स की हत्या कर दी है. राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव के पास सोमवार देर शाम ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें 60 वर्षीय रामाकांत पाठक की मौत हो गई, वहीं उनके रिश्तेदार विजय शंकर चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए.
बदमाशों ने दो लोगों को मारी गोली: स्थानीय लोगों के अनुसार, रामाकांत पाठक धनसोईं थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के निवासी थे और अपने रिश्तेदार विजय शंकर चौबे के घर रसेन गांव आए हुए थे. दोनों शाम को टहलने निकले थे. गांव में कब्रिस्तान के पास घात लगाए अपराधियों ने अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दी. रामाकांत को कई गोलियां लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घायल की हालत नाजुक: विजय शंकर चौबे को भी गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
पुलिस से शुरू की छापेमारी: सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
घटना से ग्रामीणों में आक्रोश: ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव खत्म होने के बाद अपराधियों के हौसले फिर बढ़ गए हैं. लगातार हो रही वारदातों से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.
क्या अहियापुर कांड से जुड़ा है मामला: एसपी शुभम आर्य ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है. इस हत्या को अहियापुर ट्रिपल मर्डर से जोड़ा जा रहा है, लेकिन बक्सर के पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने स्पष्ट किया कि दोनों घटनाओं का कोई सीधा संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा.
"अहियापुर हत्याकांड से इस घटना का कोई सीधा संबंध नहीं है. जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करेगी."- शुभम आर्य, एसपी, बक्सर
ये भी पढ़ें-
पटना में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक की गोली मारकर हत्या के बाद लोगों ने दो को पीट-पीटकर मार डाला

