'ममता' का गला घोंटा : जिसने जन्म दिया, बेटे ने उसी मां को उतारा मौत के घाट
आरोपी युवक नशे का आदी बताया जा रहा है. उसने हत्या करना कबूल किया है.

Published : January 6, 2026 at 9:48 AM IST
जोधपुर : बनाड़ थाना क्षेत्र के जाजीवाल खीचियान गांव में एक कलयुगी पुत्र ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले अपनी मां के साथ मारपीट की. इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलने पर बनाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो बेटा मौके पर ही खड़ा था, जिसे हिरासत में ले लिया गया है. इस हत्या का मामला किसी परिजन ने दर्ज नहीं करवाया तो थाने के सब इंस्पेक्टर ने ही रिपोर्ट देकर मामला दर्ज करवाया है.
थानाधिकारी लेखराज ने बताया कि थाने के उपनिरीक्षक त्रिलोकदान को रविवार रात को सूचना मिली थी कि जाजीवाल खिचियान गांव में हत्या हुई है. इसके बाद तुरंत मौका स्थल पर गए. आरोपी को हिरासत में लेकर मृतका के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी पुत्र नशे का आदी था संभवत: उसने इसके लिए ही हत्या की है.
पढे़ं. जमीन के छोटे से टुकड़े के लिए बेटे ने पीट-पीटकर मां की हत्या कर दी, गिरफ्तार
बेटा मां के शव के पास भी लेटा था : मौके पर पुलिस पहुंची तो ओमप्रकाश पुत्र घमण्डीराम जाट (47) के घर के बाहर लोग खड़े थे. अंदर देखा तो मृतका परमुडी देवी (75) का शव आगंन के चौक में था. शव के गले पर चोट के निशान थे. कान से खून आ रहा था. कनपटी और नाक के पास खरोचें आई हुईं थी. ओमप्रकाश खुद शव के पास ही लेटा था. पास की चारपाई के पास एक खून से सनी रस्सी पड़ी थी. ओमप्रकाश के बेटे सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह शाम के लगभग 6 बजे घर आया तो घर का मुख्य दरवाजा बंद था. बार बार आवाज दी, दरवाजा बजाया, लेकिन अंदर से दरवाजा न खोलने पर वह पास के मकान से ऊपर जाकर अंदर घुसा तो देखा कि दादी परमुडी देवी मृत अवस्था में थी.
मृतका के जेवर गायब : सब इंस्पेक्टर त्रिलोकदान ने लोगों से पूछताछ की तो परिजनों ने बताया कि परमुडी देवी के पहने गले में सोने की कंठी और कानों की सोने की टोटियां नहीं हैं. ओमप्रकाश को पूछने पर उसने पुलिस को बताया कि उसने ही मां से मारपीट की फिर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी है. उसके कपड़ों पर भी खून के निशान थे, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया.

