ETV Bharat / state

बिहार में शादी की खुशियों में मातम, आतिशबाजी से लगी आग ने ली शख्स की जान, कई घर जलकर राख

बेतिया में शादी के दौरान आतिशबाजी से लगी भीषण आग ने पांच फूस के घर जला दिए. एक शख्स की झुलसकर मौत, 2-3 मवेशी घायल.

BETTIAH MAN BURNT TO DEATH
बेतिया में आग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 26, 2026 at 10:06 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बेतिया: बिहरा के बेतिया बेतिया जिले के नरकटियागंज प्रखंड अंतर्गत चमुआ गांव में देर रात भीषण आग लगने की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. गांव में चल रहे एक शादी समारोह के दौरान की गई आतिशबाजी से निकली चिंगारी ने पास के फूस के बने घरों में आग लगा दी, जिससे कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.

एक व्यक्ति झुलसकर मौत: आग की तेज लपटों ने पांच फूसनुमा घरों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. घरों में सो रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में धुरंधर यादव नाम के व्यक्ति घर के अंदर सोते हुए झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. आग की लपटों से दो से तीन मवेशी भी गंभीर रूप से घायल हो गए.

बेतिया में जलकर मौत (ETV Bharat)

तेजी से फैल गई आग: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद ग्रामीणों ने बाल्टियों और हैंडपंप के सहारे आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन हवा के तेज झोंकों और फूस की वजह से आग बहुत तेजी से फैल गई. देखते ही देखते पूरा इलाका धुंए और लपटों से घिर गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई.

"शादी समारोह चल रहा था. इसी दौरान की जा रही आतिशबाजी से निकली चिंगारी की वजह से पास के फूस के घरों में आग लग गई. देखते ही देखते आग तेजी से फैली और घर धू-धूकर सबकुछ जलने लगा."-प्रत्यक्षदर्शी

अग्निशमन दल ने तीन घंटे में पाया काबू: घटना की सूचना मिलते ही नरकटियागंज अग्निशमन दल तुरंत मौके पर पहुंचा. फायर ऑफिसर खुशबू कुमारी के नेतृत्व में फायर सहायक ऑफिसर धर्मेंद्र कुमार, अग्नि चालक सचिन, प्रवीण, प्रधान अग्निक पंकज कुमार, अभिषेक कुमार सहित अन्य कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.

आतिशबाजी से आग लगने की आशंका: फायर ऑफिसर खुशबू कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शादी समारोह के दौरान की गई आतिशबाजी से चिंगारी गिरने के कारण आग लगने की प्रबल आशंका जताई जा रही है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि सटीक कारण का पता लगाया जा सके.

"प्रारंभिक जांच में शादी की आतिशबाजी से आग लगने की आशंका है. एक व्यक्ति की झुलसकर मौत हुई है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. अगलगी में प्रभावित परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो गया." -खुशबू कुमारी, फायर ऑफिसर

प्रभावित परिवारों का सब कुछ जलकर खाक: इस अग्निकांड में प्रभावित परिवारों का घर, अनाज, बर्तन और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. परिवार अब खुले आसमान के नीचे आश्रय की तलाश में हैं. प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन किया जा रहा है और प्रभावितों को राहत प्रदान करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

ये भी पढ़ें-

छपरा के हथुआ मार्केट में भीषण आग, होली और ईद का लाखों का माल जलकर राख

आग की लपटों से बची 50 मासूमों की जान!, एजुकेशनल टूर पर जा रही स्कूल बस धू-धूकर जली