मैट्रिक परीक्षा सेंटर से फेसबुक लाइव करने वाला गिरफ्तार, केंद्र का संचालक निकला आरोपी
सिवान में मैट्रिक परीक्षा में फेसबुक लाइव करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी ITI संस्थान का संचालक है.

Published : February 18, 2026 at 11:43 AM IST
सिवान: बिहार के सिवान में मैट्रिक परीक्षा में फेसबुक लाइव करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. परीक्षा के पहले ही दिन ही सेंटर से फेसबुक लाइव करने का मामला सामने आया था. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था. वीडियो सामने आते ही सिवान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान पंकज कुमार के रूप में हुई है.
"परीक्षा केंद्र से फेसबुक लाइव का मामला संज्ञान में आया था. इसमें एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी पंकज कुमार गोरख प्रसाद आईटीआई कॉलेज का संचालक है. इसी संस्थान में परीक्षा केंद्र बनाया गया था. गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई कर जेल भेजे दिया गया है." -विकास कुमार, थाना प्रभारी, दरौंदा
क्या है मामला: यह मामला दरौंदा प्रखंड स्थित गोरख प्रसाद प्राइवेट आईटीआई परीक्षा केंद्र (सेंटर कोड– 9243) का बताया जा रहा है. वीडियो में परीक्षा कक्ष के अंदर का दृश्य दिखाई दिखाया गया, जहां छात्र परीक्षा देते नजर आ रहे हैं. परीक्षा जैसे संवेदनशील माहौल में फेसबुक लाइव किए जाने से परीक्षा की गोपनीयता और नियमों के पालन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा.
सेंटर में कैसे पहुंचा मोबाइल?: बिहार बोर्ड के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है. ऐसे में फिर मोबाइल अंदर कैसे पहुंचा? क्या जांच के दौरान लापरवाही बरती गई या फिर जानबूझकर नियमों की अनदेखी की गई? इन तमाम बिंदुओं पर अब प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है.
जांच कर होगी कार्रवाई: मामले को लेकर एसडीएम अनिता सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सेंटर के डायरेक्टर द्वारा ही वीडियो बनाया गया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह परीक्षा नियमों का उल्लंघन है. किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
"परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है. शिक्षा विभाग भी इस पर नजर बनाए हुए हैं." -अनिता सिन्हा, एसडीएम
ये भी पढ़ें:

