मकर संक्रांति और शीतला अष्टमी का स्थानीय अवकाश घोषित, आदेश जारी
जयपुर जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी ने मंगलवार को आदेश जारी कर अगले साल मकर संक्रांति और शीतला अष्टमी का अवकाश घोषित किया है.

Published : December 23, 2025 at 8:52 PM IST
जयपुर: जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी ने साल 2026 में 14 जनवरी बुधवार को मकर संक्रांति और 11 मार्च बुधवार को शीतला अष्टमी को स्थानीय अवकाश घोषित किया है. कलेक्टर सोनी का आदेश पूरे जयपुर जिले के लिए लागू होगा.
मकर संक्रांति पर जयपुर जिले में पतंगबाजी की जाती है और जयपुर की पतंगबाजी विश्व प्रसिद्ध है. बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक मकर संक्रांति पर पतंगबाजी करते हैं और पूरा आसमान पतंगों से भर जाता है. जयपुर के युवा अल सुबह से ही छतों पर चढ़ जाते हैं और उत्साह से पतंगबाजी करते हैं. जयपुर के लोग एक महीने पहले से ही पतंगबाजी की तैयारी शुरू कर देते हैं और बाजारों से मांझा और पतंगे खरीदना शुरू कर देते हैं. जयपुर आने वाले पर्यटक भी पतंगबाजी का आनंद लेते हैं.

पढ़ें : चाइनीज मांझा : व्यक्ति का गर्दन कटी, हालत गंभीर, जानिए पूरा मामला...
इसी तरह से जयपुर जिले के चाकसू में शीतला अष्टमी पर शीतला माता का मेला भरता है, जिसमें लाखों की संख्या में ग्रामीण भाग लेते हैं और माता को ठंडे पकवानों का भोग लगाया जाता है. चाकसू में शील की डूंगरी पर शीतला माता का मंदिर स्थित है और जयपुर के शासक माधो सिंह प्रथम ने इस मंदिर का निर्माण करवाया था. शीतला माता के ठंडे पकवानों जैसे पुआ, राबड़ी, दाल-चावल आदि का भोग लगाकर ग्रामीण माता से मन्नत मांगते हैं. इस मेले में लाखों लोग शिरकत करते हैं, इसलिए इसे लक्खी मेला भी कहा जाता है.

