रांची में जेवर दुकान में बड़ी चोरी, 65 लाख के गहने ले उड़े कार सवार
रांची में जेवर की दुकान में चोरी की बड़ी घटना हुई है.

Published : June 11, 2026 at 10:25 PM IST
रांचीः राजधानी रांची में चोरों का उत्पात लगातार जारी है. इस बार चोरों ने रांची के बीआईटी इलाके में स्थित पीपी ज्वेलर्स में बड़ी चोरी को अंजाम देते हुए 65 लाख 42 हजार के गहने उड़ा दिए है. चोर सीसीटीवी में भी कैद हुए है.
सोना, चांदी उड़ा ले गए
रांची में चोर बेकाबू हो चुके हैं, हर दिन किसी न किसी थाना में चोरी की वारदात रिपोर्ट हो रही है. ताजा मामला रांची के बीआईटी ओपी क्षेत्र में स्थति पीपी ज्वेलर्स की है. बुधवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है. चोरी को अंजाम देने के लिए चोरों ने दुकान का ताला काट दिया था.
कार से आए चोरों ने जेवर दुकान में रखे लगभग 65 लाख 42 हजार के जेवरात चोरी कर ली है. दुकान के मालिक पशुपति नाथ सोनी ने बताया कि दुकान में रखे 300 ग्राम सोना, 11 किलो 396 ग्राम चांदी के साथ 6 हजार नकद चुराकर ले गए है. जेवर दुकान के मालिक के अनुसार इस वारदात को चोरों ने बुधवार देर रात तब अंजाम दिया, जब वे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे.
इस संबंध में दुकान के संचालक पशुपति नाथ सोनी ने बीआईटी मेसरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है. संचालक ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की सुबह जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा हुआ था. शटर खोलकर भीतर जाने पर देखा कि पूरा सामान बिखरा पड़ा है. कैश समेत सोना-चांदी के जेवर गायब थे.

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी में दिखे चोर
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद बीआईटी मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने प्रतिष्ठान और उसके आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है. सीसीटीवी में चोरों की तस्वीर भी कैद हुई है. सीसीटीवी देखने के बाद यह जानकारी मिली है कि सभी चोर कार में सवार होकर जेवर दुकान पहुंचे थे. चोरी को अंजाम देने के बाद कार से ही फरार हो गए.
इस संबंध में बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार ने बताया की मामले की जांच शुरू कर दी गई है. चोरों का सुराग हासिल करने के लिए सीसीटीवी फुटेज का भी इतेमाल किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- रांची में एक घर से 25 लाख के गहने की चोरी, नेपाल घूमने गया था परिवार
इसे भी पढ़ें- सिकिदिरी जेवर दुकान चोरी का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार, आभूषण भी बरामद
इसे भी पढ़ें- एमपी के चोर गिरोह ने उड़ाए थे रांची में बारात घर से गहने, दो पुलिस अफसरों ने एक सप्ताह तक रेकी कर किया गिरफ्तार

