योगी सरकार की बड़ी कामयाबी: प्रदेश के 60 जिलों में नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई UPTET 2026 परीक्षा
88.77% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, AI निगरानी से 44 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 6:29 PM IST
लखनऊ/फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 संपन्न हो गई. योगी सरकार की ओर से इस परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी. प्राइमरी और उच्च प्राइमरी स्तर की लिखित परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को सभी 60 जनपदों में आयोजित की गई थी.
पूर्व अधिकारियों और तकनीक से नजर: सभी 60 जनपदों में सेवानिवृत्त आईएएस और आईपीएस को प्रेक्षक के रूप में तैनात किया गया था. सभी प्रेक्षकों ने परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों की निगरानी की. आयोग की ओर से AI Integrated Control Command Room बनाया गया था. वहां से भी नकल पर नजर रखी जा रही थी.
फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए: AI आधारित सॉफ्टवेयर की मदद से परीक्षा के दौरान संदिग्धों की जांच की गई. 2 जुलाई 14, 3 जुलाई को 11 और 4 जुलाई को 19 फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए. कुल 44 फर्जी परीक्षार्थी जो दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे, वे पकड़े गए. 3 जुलाई को एक अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल से नकल के प्रयास में पकड़ा गया.
4 जुलाई 2026 की प्रथम पाली में प्राइमरी स्तर की परीक्षा हुई, जिसमें पंजीकृत 7,83,202 परीक्षार्थियों में से 7,13,659 अभ्यर्थियों अर्थात 91.12% ने परीक्षा दी. उच्च प्राइमरी स्तर की परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की प्रतिभागिता 87.00% एवं प्राइमरी स्तर की परीक्षा में 90.85% रही.- डॉ. प्रशांत कुमार, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग
फर्रुखाबाद में एक्टिव रहा प्रशासन: जिला में जिलाधिकारी डाॅ. अंकुर लाठर और पुलिस अधिक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रुप से जनपद में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के अंतिम दिन फिरोज गांधी जनता इंटर काॅलेज, कमालगंज और आरपी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कमालगंज का औचक निरीक्षण कियाा.

आयोग के अध्यक्ष ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, सतर्कता और एसटीएफ के सहयोग के लिए आभार जताया.
यह भी पढ़ें: लखनऊ से कर्नाटक के ऐतिहासिक धरोहरों की सैर कराएगा IRCTC, 5 रात और 6 दिन का मानसून स्पेशल पैकेज लॉन्च

