बिहार में भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत दो घायल, अब तक नहीं हुई पहचान
सुपौल में एनएच 327ए पर दो बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई. इसमें तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई. पढ़ें खबर


Published : February 12, 2026 at 5:11 PM IST
सुपौल : बिहार के सुपौल में भीषण सड़क हादसा हुआ है. किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेमनवा चौक के पास गुरुवार दोपहर हादसा हो गया. राष्ट्रीय राजमार्ग 327ए पर दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई.
सुपौल में तीन युवकों की मौत : इस दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की भयावहता इतनी अधिक थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. कुछ ही पलों में पूरा इलाका गम और दहशत में डूब गया.

बाइकों के उड़े परखच्चे : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार युवक सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
मृतकों की नहीं हो पायी है शिनाख्त : सूचना मिलते ही किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस एवं स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा गया. जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत : हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-327ए पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. पुलिस को क्षतिग्रस्त बाइकों और मलबे को सड़क से हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. बाद में यातायात को सामान्य कराया गया.
''दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.''- ज्ञान रंजन, थानाध्यक्ष, किशनपुर
जांच में जुटी है पुलिस : फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है. जबकि घायलों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने में जुटी है तथा उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है.
ये भी पढ़ें :-
सुपौल में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला, दोनों की मौके पर ही मौत, नाराज लोगों ने काटा बवाल
Supaul News: स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंदा, दो लोगों की मौत, एक गंभीर रुप से घायल

