हाउसिंग बोर्ड को RERA से बड़ी राहत, प्रताप नगर की दो आवासीय योजनाएं फिर हुईं बहाल
हाउसिंग बोर्ड की ग्रीनवुड होराईजन और ग्रीनवुड आईकॉनिक आवासीय योजनाएं जयपुर के प्रताप नगर सेक्टर-28 में विकसित की जा रही हैं.

Published : July 1, 2026 at 8:51 PM IST
जयपुर: एक महीने पहले राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) की ओर से निलंबित की गई राजस्थान हाउसिंग बोर्ड (RHB) की दो आवासीय परियोजनाओं को अब राहत मिल गई है. RERA ने प्रताप नगर सेक्टर-28 स्थित ग्रीनवूड होराईजन और ग्रीनवूड आईकॉनिक योजनाओं का पंजीकरण फिर से बहाल कर दिया है. इसके साथ ही दोनों परियोजनाओं का स्टेटस RERA की वेबसाइट पर 'IN PROGRESS' दिखाया जा रहा है.
रेरा ने 5 जून 2026 को छह परियोजनाओं का पंजीकरण निलंबित किया था. इनमें चार प्राइवेट बिल्डर्स के प्रोजेक्ट के साथ राजस्थान हाउसिंग बोर्ड की दो योजनाएं भी शामिल थीं. उस समय प्राधिकरण ने हवाला दिया था कि निर्धारित समय सीमा में आवश्यक शर्तों की पालना नहीं होने के कारण ये कार्रवाई की गई है.
आवासन आयुक्त के तकनीकी सहायक उमेश गोयल ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड ने रेरा के संशोधित प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक स्पष्टीकरण और डॉक्यूमेंट प्राधिकरण के समक्ष पेश किए. रेरा ने इन डॉक्यूमेंट और स्पष्टीकरण को स्वीकार करते हुए दोनों प्रोजेक्ट्स का निलंबन खत्म कर रजिस्ट्रेशन बहाल करने का आदेश जारी कर दिया. साथ ही डिफॉल्टर्स की सूची में से भी हाउसिंग बोर्ड की दोनों योजनाओं को हटा दिया गया है.
उन्होंने बताया कि हाउसिंग बोर्ड की ग्रीनवुड होराईजन और ग्रीनवुड आईकॉनिक आवासीय योजनाएं जयपुर के प्रताप नगर सेक्टर-28 में विकसित की जा रही हैं. इन योजनाओं पर की गई कार्रवाई को लेकर रेरा ने तर्क दिया था कि निर्धारित शर्तों की समय पर पालना नहीं होने के कारण ये कदम उठाया गया. अब हाउसिंग बोर्ड की ओर से आवश्यक अनुपालना और स्पष्टीकरण देने के बाद दोनों सरकारी प्रोजेक्ट को राहत मिल गई है. हालांकि, अन्य चार निजी परियोजनाओं को लेकर अभी तक ऐसी कोई राहत की सूचना सामने नहीं आई है.

