ETV Bharat / state

दीवार गिरी... और रुक गई सांसें! KGMU में आधी रात को आफत!

KGMU शताब्दी भवन में भारी अफरा-तफरी.

आधी रात आफत!
आधी रात आफत! (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : September 3, 2026 at 11:08 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के शताब्दी भवन में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक दीवार गिरने से ऑक्सीजन पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण पूरे भवन में ऑक्सीजन की सप्लाई अचानक बंद हो गई. इस घटना के बाद वार्डों में अफरा-तफरी मच गई. इस वजह से 15 ऑपरेशन टाल दिए गए.

पूरा घटनाक्रम: बताया जा रहा है कि यह घटना शताब्दी भवन फेज-1 और फेज-2 के बीच की है. दीवार गिरने से सीधे ऑक्सीजन सप्लाई की मेन लाइन टूट गई. शताब्दी भवन में रेडियोथेरेपी, पल्मोनरी मेडिसिन, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, हिमेटोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और गेस्ट्रोमेडिसिन जैसे कई अहम विभाग चलते हैं. यहां करीब 250 से ज्यादा गंभीर मरीज भर्ती रहते हैं.

KGMU हादसा: दीवार गिरने से ऑक्सीजन सप्लाई बंद
KGMU हादसा: दीवार गिरने से ऑक्सीजन सप्लाई बंद (Photo Credit: ETV Bharat)

जांच के बाद पता चलेगा कि दीवार गिरने की असली वजह क्या थी और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.- डॉक्टर केके सिंह, जनसंपर्क अधिकारी

ऑपरेशन पर असर: ऑक्सीजन सप्लाई बंद होते ही आईसीयू और वार्ड में भर्ती मरीजों की सांसें अटकने लगीं. तीमारदार घबरा गए. अस्पताल प्रशासन ने तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर ऑक्सीजन सिलेंडर से सप्लाई शुरू की. कई मरीजों को सिलेंडर के सहारे दूसरे वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा. इस तकनीकी खराबी के कारण 15 से ज्यादा रूटीन और इमरजेंसी ऑपरेशन टालने पड़े. डॉक्टरों के अनुसार, बिना सेंट्रल ऑक्सीजन के एनेस्थीसिया देना और ऑपरेशन करना संभव नहीं था, इसलिए मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए ऑपरेशन स्थगित किए गए.

KGMU महा-संकट: बाल-बाल बचे 250 गंभीर मरीज!
KGMU महा-संकट: बाल-बाल बचे 250 गंभीर मरीज! (Photo Credit: ETV Bharat)


जल्द सामान्य होंगे हालात: सूचना मिलते ही KGMU प्रशासन, इंजीनियरिंग विभाग और ऑक्सीजन प्लांट की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची. टीम ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया.अस्पताल के प्रवक्ता के अनुसार, मेंटेनेंस का काम युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी.


इससे पहले भी शताब्दी भवन में बिजली गुल होने से सेवाएं प्रभावित हुई थीं और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा था. KGMU में करीब 3500 से अधिक बेड हैं और लगभग 400 बेड पर सीधे ऑक्सीजन सप्लाई की सुविधा है, जो लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट से जुड़ी है.

यह भी पढ़ें: चिकित्सा जगत में मिसाल: 5 साल के बच्चे को मिली नई जिंदगी, दूर हुूई दुर्लभ बीमारी!

यह भी पढ़ें: हार्मोन असंतुलन की वजह से बच्चों में प्राइवेट पार्ट की होती है समस्या, समय पर सटीक इलाज से मिल सकता है सामान्य जीवन