ETV Bharat / state

Yearender 2025 - छत्तीसगढ़ के बड़े नक्सल एनकाउंटर, माड़वी हिडमा समेत बसवराजू हुए ढेर

साल 2025 में बस्तर क्षेत्र में कई बड़े नक्सलियों के एनकाउंटर हुए. सुरक्षाबलों के एनकाउंटर्स ने नक्सलियों की रीढ़ तोड़ने का काम किया.

MAJOR ENCOUNTERS OF MAOISTS
छत्तीसगढ़ के बड़े नक्सल एनकाउंटर (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : December 29, 2025 at 4:26 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मार्च 2026 तक नक्सल खात्मे का लक्ष्य रखा गया है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर दौरे में नक्सलियों से हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की थी. इस अपील के बाद बड़ी संख्या में नक्सलियों ने फोर्स के सामने हथियार डाले. जिन नक्सलियों ने हथियार के साथ फोर्स को चुनौती देने की कोशिश की उनके नामो निशान मिट गए.साल 2025 बड़े नक्सलियों के खात्मे के लिए भी जाना जाएगा.

दिसंबर

19.12.2025 : बीजापुर जिले में सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली मारा गया. ASP चंद्रकांत गोवर्णा ने बताया कि भैरमगढ़ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले इंद्रावती क्षेत्र में डीआरजी टीम ने तलाशी अभियान चलाया था.जिसमें एक नक्सली ढेर हुआ.

18.12.2025: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए, जिनमें कई हिंसक घटनाओं में शामिल एक महिला नक्सली भी थी. गोलापल्ली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पहाड़ी वन क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई.

03.12.2025: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर में हुई मुठभेड़ में पीएलजीए कंपनी नंबर 2 के कमांडर मोदियामी वेल्ला समेत 18 नक्सली मारे गए. मुठभेड़ में तीन सुरक्षाकर्मी भी शहीद हो गए, जबकि दो घायल हुए. छत्तीसगढ़ सरकार ने वेल्ला पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था.

नवंबर

18.11.2025: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के मारेदुमिल्ली वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 6 माओवादी मारे गए. इनमें बस्तर का वरिष्ठ माओवादी नेता और केंद्रीय समिति सदस्य माडवी हिड़मा भी शामिल था.

11.11.2025: बीजापुर जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए. इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों की एक संयुक्त टीम क्षेत्र में वरिष्ठ माओवादी कैडरों की उपस्थिति की सूचना के आधार पर नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी.

Naxal encounter from September To November
सितंबर से नवंबर तक हुए नक्सल एनकाउंटर (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

सितंबर

28.09.2025: छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में 14 लाख रुपए के 3 इनामी नक्सली मारे गए. कांकेर पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसला के मुताबिक कांकेर और गरियाबंद जिलों की सीमा पर स्थित छिंदखड़क गांव के पास एक पहाड़ी पर मुठभेड़ हुई.

22.09.2025: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 2 नक्सली मारे गए. नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर, महाराष्ट्र से सटे अबूझमाड़ के मूसफरशी जंगलों में एक अभियान शुरू किया गया और सुबह गोलीबारी शुरू हो गई. नारायणपुर के एसपी रॉबिन्सन गुड़िया ने कहा कि महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर अबूझमाड़ के जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई.

11.09.2025: छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने हाल के वर्षों में अपनी सबसे बड़ी सफलताओं में से एक को अंजाम दिया, जब उन्होंने गरियाबंद क्षेत्र में एक सुनियोजित अभियान में 10 कट्टर नक्सलियों को मार गिराया. मारे गए लोगों में मोदम बालकृष्ण उर्फ ​​मोनाज (CCM) भी शामिल था, जिस पर एक करोड़ रुपए का इनाम था.

5.22 करोड़ रुपए के इनामी 10 नक्सली मारे गए: रायपुर रेंज के आईजी अमरीश मिश्रा ने बताया कि गरियाबंद मुठभेड़ में 10 नक्सली मारे गए. इनमें बालकृष्ण उर्फ मनोज उर्फ ​​बलन्ना भी शामिल था, जिस पर एक करोड़ रुपए का इनाम था.इस मुठभेड़ में अन्य नक्सली भी मारे गए, जिन पर कुल मिलाकर 4.22 करोड़ रुपए का इनाम था.

Naxal encounter from June to September
जून से सितंबर तक हुए नक्लस एनकाउंटर (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

अगस्त

13.08.2025: छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने भीषण मुठभेड़ में दो वरिष्ठ माओवादी नेताओं को मार गिराया. यह मुठभेड़ मदनवाड़ा क्षेत्र के बांदा पहाड़ रेतेगांव इलाके में पुलिस और सुरक्षा बलों के तलाशी अभियान के दौरान हुई, जिसमें विशेष क्षेत्रीय समिति के सदस्य विजय रेड्डी और संभागीय समिति के सचिव लोकेश सलामे सहित दो शीर्ष नक्सली मारे गए. पुलिस अधीक्षक वाईपी सिंह ने बताया कि दोनों माओवादी संगठन के कट्टर सदस्य थे और लंबे समय से सक्रिय थे.


जुलाई

27.07.2025: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में 4 नक्सली मारे गए. बीजापुर एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से के एक जंगल में शाम को उस समय गोलीबारी शुरू हो गई, जब सुरक्षा बलों की एक टीम नक्सली कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की सूचना मिलने पर नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी.

19.07.2025: नारायणपुर जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए. अबूझमाड़ क्षेत्र के जंगल में उस समय गोलीबारी शुरु हुई, जब सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इलाके में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थीं.

07.07.2025: सुरक्षा बलों ने राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एक कुख्यात नक्सली स्नाइपर को मार गिराया. मारे गए नक्सली की पहचान पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) बटालियन नंबर 1 की कंपनी नंबर 2 के उप कमांडर सोढ़ी कन्ना के रूप में हुई , जिस पर 8 लाख रुपए का इनाम था.

Naxal encounter from March to June
मार्च से जून माह तक हुए नक्सल एनकाउंटर (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

जून

26.06.2025: नारायणपुर जिले के कोहकमेटा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत अबूझमाड़ क्षेत्र के घने जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ भीषण मुठभेड़ में 2 महिला नक्सली मारी गईं. जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया यह अभियान माड़ डिवीजन से संबंधित वरिष्ठ माओवादी कैडरों की उपस्थिति के बारे में विशिष्ट खूफिया सूचनाओं पर आधारित था.


20.06.2025: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई.यह मुठभेड़ छोटेबेठिया पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में स्थित एक पहाड़ी जंगल में हुई. कांकेर पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसला ने बताया कि यह घटना तब घटी, जब जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी.

11.06.2025: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए. यह मुठभेड़ कुकनार पुलिस स्टेशन के अंतर्गत पुसगुना गांव के जंगल में हुई.

06.06.2025: बीजापुर जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने 45 लाख रुपए के इनामी भास्कर उर्फ ​​मैलारपु अदेल्लू उर्फ ​​भास्कर राव को मार गिराया. भास्कर राव तेलंगाना राज्य समिति का विशेष समिति सदस्य था. भास्कर तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के उरुमडला गांव का निवासी था. छत्तीसगढ़ सरकार ने भास्कर पर 25 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था, जबकि तेलंगाना ने 20 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था.

05.06.2025: सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान में एक मुठभेड़ में वरिष्ठ माओवादी विचारक और केंद्रीय समिति के सदस्य नरसिम्हा चालम उर्फ ​​गौतम उर्फ ​​सुधाकर को मार गिराया.

मई

21.05.2025: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर डिवीजन में नारायणपुर-दंतेवाड़ा सीमा पर सुरक्षा बलों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में नक्सल नेता नंबला केशव राव उर्फ ​​बसवराजू समेत 28 नक्सली मारे गए. राज्य पुलिस की एक इकाई, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान भी इस मुठभेड़ में शहीद हो गया.

07.05.2025: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 15 नक्सली मारे गए. करेगुट्टा पहाड़ियों के जंगलों में गोलीबारी के बाद सुरक्षाकर्मियों ने मुठभेड़ स्थल से वर्दीधारी एक महिला माओवादी का शव और एक 303 राइफल बरामद की.

मार्च

20.03.2025: छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिलों में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 30 नक्सली और एक पुलिस जवान मारे गए. पहली मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे गए, जो बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा से लगे वन क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी मुठभेड़ कोरोस्कोडो गांव, छोटेबेटिया पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई, जिसमें चार नक्सली मारे गए.



Yearender 2025 : साल 2025 के बड़े नक्सल एनकाउंटर, कई बड़े माओवादी कमांडर का हुआ खात्मा

साल 2025: दफन होने की कगार पर पहुंचा देश में नक्सलवाद

चार दशक बाद नक्सल चंगुल से आजाद गोगुंडा, नया कैंप से खुला विकास का रास्ता, पहली बार बनी सड़क