दिल्ली में अवैध शराब सिंडिकेट पर सबसे बड़ा प्रहार, 27 हजार से अधिक बोतलें बरामद; 5 गिरफ्तार
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अवैध शराब कारोबार की दी जानकारी.

Published : June 27, 2026 at 6:55 PM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध शराब के कारोबार पर नॉर्थ-ईस्ट जिला पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ पांच अलग-अलग ऑपरेशन में शराब तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है. पुलिस ने करीब 27,208 क्वार्टर बोतलें (करीब 4,897 लीटर) अवैध शराब, 720 बीयर कैन, 42,070 रुपये नकद और एक स्कूटी बरामद की है. इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब इनके पीछे काम कर रहे पूरे सप्लाई नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है.
सोनिया विहार में मिला अवैध शराब का बड़ा गोदाम
डीसीपी नार्थ ईस्ट राहुल अलवाल ने बताया कि सबसे बड़ी कार्रवाई सोनिया विहार थाना क्षेत्र में हुई. नारकोटिक्स स्क्वॉड ने सभापुर स्थित एक मकान में छापा मारकर 15,848 क्वार्टर बोतलें और 720 बीयर कैन बरामद किए. मौके से 23 वर्षीय हिमांशु कश्यप को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा से शराब की आपूर्ति होने की जानकारी दी. पुलिस फरार सप्लायर की तलाश कर रही है.
वहीं, भजनपुरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक स्कूटी सवार को पकड़ा. पूछताछ के बाद आरोपी के किराये के गोदाम पर छापा मारकर कुल 11,112 क्वार्टर बोतलें और एक स्कूटी बरामद की गई. इस मामले में 31 वर्षीय सुरेंद्र रस्तोगी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई करता था.
वेलकम में महिला शराब तस्कर गिरफ्तार
वेलकम थाना पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और ठिकाने से कुल 181 क्वार्टर बोतलें बरामद कीं. पूछताछ में महिला ने अतिरिक्त शराब छिपाकर रखने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने दूसरी जगह से भी शराब बरामद की. खजूरी खास थाना पुलिस ने दयालपुर स्थित एक दुकान पर छापा मारकर 28 क्वार्टर बोतलें और अवैध बिक्री से जुड़े होने के संदेह में 42,070 रुपये नकद बरामद किए। इस मामले में 57 वर्षीय संतराम को गिरफ्तार किया गया. जबकि नंद नगरी थाना पुलिस ने जाल बिछाकर 26 वर्षीय फैजान को 39 क्वार्टर बोतलों के साथ गिरफ्तार किया.
नॉर्थ-ईस्ट जिला पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, नशे और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस पूरे सप्लाई चेन, परिवहन नेटवर्क, मनी ट्रेल और डिजिटल भुगतान के जरिए होने वाले लेन-देन की भी जांच कर रही है, ताकि अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके.
ये भी पढ़ें:
- दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी के मोबाइल बांग्लादेश-नेपाल भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
- दिल्ली पुलिस ने ड्रग्स माफिया पर कसा शिकंजा, 48 घंटे में 4035 ठिकानों पर छापे; 255 तस्कर गिरफ्तार
- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर शब्बीर चौधरी को किया गिरफ्तार, MCOCA केस में एक साल से था फरार

