खूंटी में 200 किलो गांजा बरामद, पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, जांच में जुटी एनसीबी
पुलिस और NCB ने खूंटी में ड्रग-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 किलोग्राम गांजा जब्त किया. राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट.

Published : August 20, 2026 at 2:32 PM IST
|Updated : August 21, 2026 at 12:58 PM IST
रांची/खूंटीः जिला खूंटी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी NCB ने बड़ी कार्रवाई की है. कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान करीब 200 किलो गांजा बरामद किया गया. इस मामले में पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. तस्करी में इस्तेमाल चारपहिया वाहन को भी जब्त किया गया. गिरफ्तार तस्करों की पहचान हजारीबाग जिले के बरही निवासी रवि शंकर, रिजवान खान, रवि कुमार और पदमा निवासी मोहम्मद इसराफिल, मोहम्मद अफरीद के रूप में हुई है.
वाहन के अंदर करीब 200 किलो गांजा छिपाकर रखा गया था
दरअसल, खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग को गांजे की बड़ी खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी. बताया गया था कि ओडिशा के राउरकेला से गांजा सिमडेगा और कमडारा के रास्ते रांची ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर कर्रा पुलिस और NCB की संयुक्त टीम ने लोधमा पिकेट के पास वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 200 किलो गांजा मिला. इसके बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया.
NCB आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है
कार्रवाई के बाद NCB की टीम बरामद गांजा, जब्त वाहन और गिरफ्तार आरोपियों को अपने साथ रांची स्थित कार्यालय ले गई. अब आरोपियों से पूछताछ के जरिए गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क, मुख्य सरगना और इसके आगे-पीछे के कनेक्शन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. तोरपा डीएसपी विजय सिंह ने संयुक्त कार्रवाई और पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. मामले में NDPS एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई NCB की ओर से की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः
पाकुड़ पुलिस ने नशे के दो सौदागरों को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा बरामद
हाइड्रोपोनिक गांजा बेचने पहुंचे दो तस्कर गिरफ्तार, थाईलैंड से मंगवाई गई थी नशे की पुड़िया
पलामू में पुलिस ने जब्त किया डेढ़ करोड़ का गांजा, इंटरस्टेट नेटवर्क का खुलासा

