उधम सिंह नगर में आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, 679 मुकदमे दर्ज, शराब माफिया में हड़कंप
आबकारी विभाग ने जिले में कुल 27 हजार लीटर अवैध शराब जब्त की है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 1, 2026 at 2:57 PM IST
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर में अवैध शराब के खिलाफ जिला आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया है. वर्षभर की कार्रवाई का ब्यौरा सामने आया है. जिसमें 679 अभियोग दर्ज किए गए हैं. हजारों लीटर अवैध शराब जब्त की गई है. विभाग ने राजस्व लक्ष्य भी समय से पहले हासिल कर लिया है.
अधिकारी के अनुसार, अभियान के तहत करीब 27,000 लीटर अवैध शराब जब्त की गई. जब्त की गई शराब में 26,000 लीटर कच्ची शराब, 400 लीटर देसी शराब और लगभग 350 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल है. यह मात्रा इस बात का संकेत है कि अवैध शराब का नेटवर्क काफी बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था, जिस पर अब प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है.
कार्रवाई के दौरान केवल तैयार शराब ही नहीं, बल्कि शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले कच्चे माल पर भी प्रहार किया गया. विभाग की टीमों ने लगभग एक लाख लीटर लहन (कच्चा घोल) को नष्ट किया. जिससे अवैध शराब निर्माण की बड़ी खेप बनने से पहले ही रोक दी गई.
महेंद्र सिंह बिष्ट प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी ने बताया यदि इस लहन से शराब तैयार हो जाती, तो यह बड़ी मात्रा में बाजार में पहुंच सकती थी. जिससे जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा उत्पन्न होता. उन्होंने बताया आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए 51 आरोपियों को जेल भेजा गया है. विभाग का कहना है कि जहरीली शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. अधिकारी ने स्पष्ट किया अवैध शराब न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि कई बार जानलेवा भी साबित होती है.
विभाग की लगातार छापेमारी और निगरानी का असर राजस्व संग्रहण पर भी दिखाई दिया है. वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 227 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य को विभाग ने हासिल कर लिया है. अधिकारी ने इसे टीमवर्क और सतत निगरानी का परिणाम बताया. उन्होंने कहा वैध शराब की बिक्री को बढ़ावा देने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त रणनीति अपनाई गई है.महेंद्र सिंह बिष्ट प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें.
पढे़ं- आय में आगे, संसाधनों में पीछे आबकारी विभाग, जल्द होगा डिपार्टमेंट का काया पलट, जानिये कैसे
पढे़ं- इस वित्तीय वर्ष में आबकारी विभाग का 5,060 करोड़ का टारगेट, जानें क्या है स्थिति

