करनाल में ड्यूटी में लापरवाही पर डीसी का बड़ा एक्शन, बिना सूचना गैर-हाजिर मिले कर्मचारियों पर गिरी गाज
हरियाणा के करनाल में ड्यूटी में लापरवाही के मामले में डीसी ने बिना सूचना गैर-हाजिर मिले 8 कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश दिए हैं.

Published : July 8, 2026 at 7:25 PM IST
|Updated : July 8, 2026 at 7:44 PM IST
करनाल : हरियाणा के करनाल में सरकारी दफ्तरों की कार्यप्रणाली को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. बुधवार सुबह उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बिना किसी पूर्व सूचना के लघु सचिवालय, पटवारखाना और घरौंडा एसडीएम व तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जहां 8 कर्मचारी बिना अनुमति के गैर-हाजिर मिले, वहीं लंबित मामलों में भी डीसी ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए.
लघु सचिवालय में पहुंची डीसी की टीम : सुबह-सुबह हुए औचक निरीक्षण में डीसी ने लघु सचिवालय स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, पटवारखाना और अन्य शाखाओं का जायजा लिया. कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालयों की साफ-सफाई, रिकॉर्ड की स्थिति और आम नागरिकों को मिल रही सेवाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया. इस दौरान तीन कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए, जिनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए.
पांच पटवारियों पर कार्रवाई के निर्देश : इसके बाद डीसी सीधे घरौंडा एसडीएम और तहसील कार्यालय पहुंचे. यहां निरीक्षण के दौरान पांच पटवारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले. उपायुक्त ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. वहीं जिन कर्मचारियों के कार्यालय में मौजूद होने के बावजूद हाजिरी रजिस्टर और बायोमेट्रिक में दर्ज नहीं थे, उनका एक दिन का वेतन काटने के आदेश भी एसडीएम को दिए गए.
डीसी ने जताई नाराजगी : निरीक्षण के दौरान डीसी ने तहसील में लंबित पड़े मामलों की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाए और ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली के तहत तय समय सीमा में प्रत्येक कार्य पूरा हो. उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में किसी भी नागरिक को अनावश्यक इंतजार नहीं करना चाहिए.
स्वच्छ कार्यालय और बेहतर व्यवहार पर विशेष जोर : उपायुक्त ने नगराधीश कार्यालय, एलपीए ब्रांच, तहसील कार्यालय, आरटीआई शाखा, एलएफए शाखा, सरल केंद्र, ई-दिशा केंद्र और एसडीएम कार्यालय का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर पूरी तरह साफ-सुथरे रहें और आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति बेहतर सेवा का हकदार है.
लापरवाही पर होगी नियमानुसार कार्रवाई : डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने साफ कहा कि बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में अनुशासन सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी.
सर्वर की समस्या के समाधान का भरोसा : घरौंडा तहसील में सर्वर डाउन होने की शिकायत पर उपायुक्त ने कहा कि तकनीकी समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े. उन्होंने बताया कि जिले में SIR का कार्य भी संतोषजनक गति से चल रहा है और अब तक लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : प्रेग्नेंसी में सर्विस खत्म करने पर हाईकोर्ट सख्त, TGT टीचर के फौरन बहाली के आदेश
ये भी पढ़ें : 50वें दिन भी जारी रहा रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन, 9 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
ये भी पढ़ें : पानीपत में चपरासी की अनोखी रिटायरमेंट, फूलों से सजी हाइड्रा क्रेन पर विदाई, ऑफिस से घर तक चला कारों का काफिला

