ETV Bharat / state

रक्षाबंधन के दिन हिमाचल में बड़ा हादसा, पहाड़ी से टकराई यात्रियों से खचाखच भरी HRTC बस, 45 घायल

हिमाचल में ब्रेक फेल होते ही ढांक से टकराई यात्रियों से भारी एचआरटीसी की बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार.

HRTC bus accident in Himachal
पहाड़ी से टकराई HRTC की बस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 28, 2026 at 2:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: रक्षाबंधन के दिन जिला कुल्लू में एक बड़ा बस हादसा होने से हड़कंप मच गया. भेखली-ब्यासर सड़क मार्ग के बजोहन में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस अचानक ब्रेक फेल होने के बाद पहाड़ी से जा टकराई. हादसे के समय बस में 60 से अधिक सवारियां मौजूद थीं. हादसे में 45 लोग घायल हुए हैं, जिनका ढालपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है. चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे बस खाई में गिरने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया.

जानकारी के अनुसार, HRTC की बस ब्यासर से कुल्लू की ओर आ रही थी. इसी दौरान रास्ते में अचानक बस की ब्रेक फेल हो गई. स्थिति को देखते हुए चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया और पहाड़ी से टकरा दिया. जिस जगह हादसा हुआ, वहां सड़क के दूसरी ओर गहरी खाई थी. ऐसे में अगर बस खाई में गिर जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था. हादसे में 45 लोग घायल हुए हैं, जबकि 8 लोगों को हल्की चोटें आई हैं. सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से ढालपुर अस्पताल पहुंचाया गया.

HRTC bus accident in Himachal
पहाड़ी से टकराई HRTC की बस (ETV Bharat)

हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहीं, एसडीएम कुल्लू जयवंती ठाकुर और सीएमओ कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर भी अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. सभी घायलों का ढालपुर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. वहीं, दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है.

हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे घायलों के परिजन
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे घायलों के परिजन (ETV BHARAT)

'ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा'

ब्यासर बस दुर्घटना में घायल राजेंद्र कुमार ने कहा कि ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया. अगर ब्रेक फेल होने के बाद ड्राइवर बस को पहाड़ी से नहीं टकराता तो बस खाई में गिर सकती थी. उन्होंने बताया कि बस में करीब 60 से अधिक लोग सवार थे, जो ब्यासर गांव से कुल्लू की ओर आ रहे थे.

HRTC bus accident in Himachal
कुल्लू में पहाड़ी से टकराई बस (ETV Bharat)

'सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर'

एसडीएम कुल्लू डॉ. जयवंती ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, तुरंत पांच एंबुलेंस मौके के लिए रवाना कर दी गईं थी. सभी घायलों का कुल्लू अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उन्हें हर संभव मदद दी जा रही है. वहीं, सीएमओ कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि हादसे के तुरंत बाद छुट्टी का दिन होने के बावजूद डॉक्टरों की पूरी टीम अस्पताल पहुंची. 45 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था और सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया. उन्होंने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है.

अस्पताल में दिखा अफरा-तफरी का माहौल
अस्पताल में दिखा अफरा-तफरी का माहौल (ETV BHARAT)

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर बस की ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है. प्रशासन और पुलिस की ओर से हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है.

HRTC bus accident in Himachal
भेखली ब्यासर सड़क पर पहाड़ी से टकराई बस (ETV Bharat)

ये भी पढ़ें: 'पहाड़ पर प्रेशर पाइप फटने से स्टीयरिंग हुआ लॉक और खाई में गिरा ट्रक', 52 घायल और 11 साल की बच्ची की मौत

ये भी पढ़ें: नैना देवी मंदिर जा रहा श्रद्धालुओं से भरा ट्रक खाई में गिरा, 52 लोग घायल, एक की मौत, 60 थे सवार