नूंह में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, गृह रक्षक और बिचौलिया रिश्वत लेते गिरफ्तार
नूंह में एसीबी ने 30 हजार रुपये रिश्वत लेते गृह रक्षक और बिचौलिया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया.

Published : January 9, 2026 at 11:01 AM IST
नूंह: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है. गुरुग्राम टीम ने सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई करते हुए गृह रक्षक इरफान और उसके सहयोगी बिचौलिया आबिद हुसैन को 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया.
रिश्वत मांगने का मामला: एसीबी को दी गई शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पति के खिलाफ साइबर थाना नूंह में दर्ज मामलों में धाराएं कम कराने और चालान जल्दी न्यायालय में पेश कराने के बदले 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसीबी ने तुरंत जांच शुरू की और आरोपों को सही पाया.
ऐसे किया रंगे हाथ गिरफ्तार: शिकायत के बाद एसीबी गुरुग्राम टीम ने रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को 30,000 रुपये देकर आरोपियों के पास भेजा. जैसे ही आबिद हुसैन और गृह रक्षक इरफान ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने साइबर थाना नूंह के सामने दबिश देकर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.
मामला दर्ज: एंटी करप्शन पुलिस निरीक्षक जाकिर हुसैन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि, "आरोपियों के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई है. दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है."
ACP की जनता से अपील: एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत एसीबी हेल्पलाइन 1064 या टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 पर सूचना दें. भ्रष्टाचार के खिलाफ जनभागीदारी ही स्वच्छ और पारदर्शी प्रशासन की मजबूत नींव है.
ये भी पढ़ें:सोनीपत में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, खरखौदा नगर पालिका के पटवारी को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

