अलवर में लूट का चौंकाने वाला सच: परिवादी के दोस्त ने रची साजिश, बाइक सवार संग मिलकर उड़ाए 8 लाख
आरोपी ने अपने परिचित को बुलाकर रजिस्ट्री के लिए जाते समय रास्ते में आठ लाख रुपए लुटवा दिए.

Published : April 24, 2026 at 5:09 PM IST
अलवर: जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में गत दिनों 8 लाख रुपए की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस घटना में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जो व्यक्ति परिवादी के साथ बाइक पर बैठकर जा रहा था, उसी ने इस घटना की साजिश रची थी.
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि लक्ष्मणगढ़ थाने में परिवादी जसराम गुर्जर ने प्रकरण दर्ज करवाया कि 22 अप्रैल को सुबह करीब 10:30 बजे वह बड़ौदा मेव में एक जमीन की रजिस्ट्री के लिए अपने परिचित साहून के साथ मौके पर जा रहा था. रजिस्ट्री के पैसे परिवादी ने अपने दोस्त साहून को दे दिए थे. इसके बाद बीच रास्ते में एक अन्य युवक बाइक से आया और 8 लाख रुपए की थैली लेकर फरार हो गया.
पढ़ें: 12 करोड़ 59 लाख की धोखाधड़ी कर 200 लोगों को ठग चुका आरोपी गिरफ्तार, 6 साल से था फरार
परिवादी की शिकायत पर अनुसंधान करते हुए पुलिस ने परिवादी के दोस्त साहून को डिटेन कर पूछताछ की, तो मामले का खुलासा हुआ. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी साहून को पता था कि परिवादी कब जमीन की रजिस्ट्री के लिए जाएगा. इस पर उसने अपने एक साथी को शामिल कर लूट की योजना बनाई, जैसे ही वे रजिस्ट्री के लिए जा रहे थे, आरोपी का साथी बाइक से आया और साहून के हाथ से पैसे छीनकर फरार हो गया. आरोपी ने पूछताछ में वारदात करना कबूल कर लिया है. पुलिस ने 8 लाख रुपए की राशि बरामद कर ली है, अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

