मुजफ्फरनगर में रॉकी हत्याकांड: मुख्य आरोपी सौतेला बेटा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
थाना सिखेड़ा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, पैर में गोली लगने से घायल.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 4, 2026 at 8:09 AM IST
|Updated : June 4, 2026 at 3:24 PM IST
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के रॉकी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थाना सिखेड़ा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हत्या के मुख्य आरोपी बादल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और अवैध तमंचा बरामद हुआ है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में सौतेले पिता विकसित उर्फ रॉकी की हत्या कर शव को भोपा क्षेत्र के कादीपुर गांव के खेत में दबाने की बात स्वीकार की है. वहीं, एक महिला आरोपी मौके से फरार हो गई, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग अभियान चला रही है.
पुलिस के अनुसार 25 मई को बेहड़ा आसा निवासी मगन सिंह ने विकसित उर्फ रॉकी के लापता होने की सूचना थाना सिखेड़ा में दी थी. बाद में 30 मई को उन्होंने तहरीर देकर आशंका जताई कि विकसित की पत्नी रेनू, पूर्व पति के बेटे बादल, पत्नी निशा और अन्य लोगों ने मिलकर विकसित का अपहरण कर हत्या कर दी. इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया.
थाना सिखेड़ा पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा दौराने पुलिस मुठभेड़ 01 शातिर / वांछित हत्याभियुक्त को किया गया घायल / गिरफ्तार । घायल / गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से अवैध शस्त्र किए गए बरामद ।#UPPolice pic.twitter.com/XXyDZ8MHiP
— MUZAFFARNAGAR POLICE (@muzafarnagarpol) June 3, 2026
इस मामले में पहले ही एक आरोपी मोन्टी उर्फ अभि त्यागी को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया जा चुका था. बुधवार को थाना सिखेड़ा पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी भागने की फिराक में है. इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की. आरोपी भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी बादल घायल हो गया, जबकि उसके साथ महिला आरोपी मौके से फरार हो गई. पुलिस ने बादल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में बादल ने सौतेले पिता विकसित उर्फ रॉकी की हत्या कर शव को भोपा थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में खेत में दबाने की बात स्वीकार की . फरार महिला आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

