भिवाड़ी ब्लास्ट: मुख्य आरोपी फैक्ट्री मालिक को दिल्ली से पकड़ा, पूछताछ में हुए कई खुलासे
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी का नाम प्रारंभिक एफआईआर में नहीं था. पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आया था.

Published : February 21, 2026 at 5:11 PM IST
खैरथल–तिजारा: जिले के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा–करौली औद्योगिक क्षेत्रमें गत 16 फरवरी को हुए अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी हेमंत सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया है. इस भीषण हादसे में सात मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी, जबकि चार घायल हो गए थे.
दिल्ली से हुई हेमंत सचदेवा की गिरफ्तारी: खैरथल–तिजारा एसपी मनीष कुमार ने बताया कि हेमंत सचदेवा को दिल्ली स्थित उसके घर से दबिश देकर पकड़ा और फिर भिवाड़ी लाया गया. इससे पहले पुलिस ने फैक्ट्री संचालक हेमंत कुमार शर्मा और सुपरवाइजर अभिनंदन तिवारी को घटना के दूसरे ही दिन गिरफ्तार कर लिया था. उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा गया. एसपी ने बताया कि शुरुआती एफआईआर में प्लॉट मालिक राजेंद्र कुमार का नाम था, लेकिन हेमंत सचदेवा का नाम शामिल नहीं था. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे मुख्य आरोपी के रूप में चिह्नित कर गिरफ्तार किया.
पूछताछ में हेमंत सचदेवा ने किए कई खुलासे: खैरथल एसपी मनीष कुमार ने आगे बताया कि जांच में कई अहम खुलासे सामने आए हैं. इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी. हेमंत सचदेवा ने पूछताछ में कई अन्य ठिकानों के बारे में भी जानकारी दी है, जहां पुलिस टीमें छापेमारी कर रही है.
पढ़ें: भिवाड़ी: अग्नि हादसे में मजदूरों के जिंदा जलने के बाद दो अवैध पटाखा निर्माण फैक्ट्री को किया सीज
यह मामला इसलिए भी चर्चा में आया की जांच में पुलिस पर सवाल खड़े हो गए थे. जांच में कुछ पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका सामने आई. इस संबंध में भिवाड़ी डीएसटी विंग को भंग कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि यह फैक्ट्री अवैध रूप से पटाखे बना रही थी. इस हादसे के बाद, अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है. प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की है.

