ETV Bharat / state

दोस्त का अपराध छिपाने के चक्कर में पहुंचा सलाखों के पीछे, नालागढ़ नंगल गोलीकांड का मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार

दोस्त का अपराध छिपाने के चक्कर में पहुंचा सलाखों के पीछे, नालागढ़ नंगल गोलीकांड का मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार हुआ है.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 28, 2026 at 11:20 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सोलन: नालागढ़ के नंगल में 17 फ़रवरी को हुए गोली और हमले के सनसनीखेज़ मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी शुभम और उसके सहयोगी महेंद्र उर्फ दारा को गिरफ़्तार कर लिया है. इस हमले में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से एक की टांग और दूसरे के हाथ में गोली लगी थी.

दोनों घायलों को पहले नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर किया गया था. पुलिस को 17 फ़रवरी को सूचना मिली थी कि नंगल में 5–6 लोगों ने दो व्यक्तियों पर तेज़धार हथियारों और पिस्टल से हमला किया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों को खंगाला गया. इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 22 फरवरी को धुंधली निवासी लोकल व्यक्ति महेंद्र उर्फ दारा को गिरफ़्तार किया. एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि 'हमले के बाद आरोपियों को भागने में मदद करने के लिए महेंद्र उर्फ दारा ने अपनी मोटरसाइकिल उपलब्ध करवाई थी. इतना ही नहीं, घटना के समय मुख्य आरोपी शुभम की ओर से इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी महेंद्र उर्फ दारा ने ठिकाने लगाने (डिस्पोज़ ऑफ) में भूमिका निभाई थी.'

विनोद धीमान, SP बद्दी (ETV Bharat)

अन्य आरोपियों की भी हुई पहचान

इसके बाद पुलिस ने 27 फरवरी को मुख्य आरोपी शुभम को भी गिरफ़्तार कर लिया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शुभम ने ही अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस हमले और गोली चलाने की वारदात को अंजाम दिया था. मामले में खुलासा करते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि 'पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी और नंगल गोलीकांड में शामिल किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा.'

औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के नंगल में कबाड़ के विवाद को लेकर दो गुटों में पहले कहासुनी और फिर हाथापाई हुई, जिसके बाद गोली चलने की घटना सामने आई थी. गोली चलने से छर्रे लगने के कारण दो युवक घायल हुए थे, जिनकी हालत अब खतरे से बाहर है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल के इस जिले में हर पांच में से एक बच्चा ठिगनापन से प्रभावित, मोटापा भी बना चुनौती