शराब कैंटीन संचालक हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, बदमाश के पैर में लगी गोली
रुड़की में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस का सख्त एक्शन देखने को मिला.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 23, 2026 at 10:06 AM IST
|Updated : August 23, 2026 at 11:36 AM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के बाद पुलिस टीमें लगातार हत्यारोपियों की तलाश में जुटी रही. इसी के चलते नगला इमरती क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई. बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया. जबकि उसके दो अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. घायल बदमाश को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि पुलिस फरार हुए उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार कॉम्बिंग करती रही, जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया.
शुक्रवार 21 अगस्त की रात सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में 26 वर्षीय शराब कैंटीन संचालक अमन की बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी. वारदात के बाद पुलिस ने हत्यारोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर उनकी तलाश तेज कर दी गई थी.
मुखबिर से सूचना मिली कि नगला इमरती गांव के पास बाइक पर तीन संदिग्ध सवार हैं. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया और उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए. जिन्हें भी टीम ने गिरफ्तार कर लिया.
-शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात-
उधर, मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया, जिसके बाद मौके से फरार हुए बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमों ने आसपास के इलाके में कांबिंग अभियान शुरू कर दिया. साथ ही पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायल बदमाश की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है जो अमन हत्याकांड का मुख्य आरोपी है.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सौरभ ने अमन हत्याकांड में खुद समेत तीन लोगों के शामिल होने की बात बताई है. हालांकि पुलिस टीम फरार हुए उसके अन्य साथियों की लगातार कॉम्बिंग करती रही, जिसके बाद पुलिस टीम ने मुठभेड़ में फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के नाम अर्पित सैनी (उम्र 19 वर्ष) पुत्र कुलबीर सैनी निवासी ग्राम ठसका कोतवाली मंगलौर और दीप यादव (उम्र 19 वर्ष) पुत्र जोगिंदर यादव निवासी माता वाला हसन बाग कस्बा लंढौरा कोतवाली मंगलौर है.
चेन झपटमारी करने वाले आरोपी गिरफ्तार: वहीं दूसरी ओर कांवड़ मेले के दौरान ज्वालापुर क्षेत्र में चेन झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पीली धातु की चेन बरामद हुई है. गिरफ्तार आरोपी शिवम गुप्ता के खिलाफ चोरी, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं. दूसरे आरोपी राहुल का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है. दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं और कावड़ मेले में भीड़ का फायदा उठाकर चेन लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे.
ये भी पढ़ें-

