ETV Bharat / state

मध्य प्रदेश 2 हादसे, मैहर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, इंदौर में श्रद्धालु की कार डंपर से टकराई

मैहर में शनिवार रात सरिया से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी, जबकि इंदौर में श्रद्धालुओं से भरी कार डंपर से टकराई.

MAIHAR INDORE ACCIDENT
मैहर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 11, 2026 at 11:47 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मैहर: अमरपाटन मार्ग पर गाड़ौली गांव के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां सरिया (लोहे की छड़ों) से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर घायल हो गए. इसी तरह इंदौर में भी एक्सीडेंट की खबर सामने आई है. जहां नासिक से महाकालेश्वर मंदिर दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार डंपर से टकरा गई.

ट्रैक्टर-ट्राली में सवार थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, घटना के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग एक कंपनी के मजदूर बताए जा रहे हैं. ट्रॉली में भारी मात्रा में सरिया लोड था. उसी के ऊपर मजदूरों को बैठाकर कार्यस्थल की ओर ले जाया जा रहा था. इसके बाद यह भीषण सड़क हादसा हो गया. घटना में कई लोग घायल हो गए. जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई है.

तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग बनी वजह

प्रत्यक्षदर्शी परवेश सौदागर ने बताया कि, ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में चल रही थी. उसमें भारी मात्रा पर लोहे की सरिया लदी हुई थी. अचानक संतुलन बिगड़ने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई. हादसे की एक बड़ी वजह वाहन का ओवरलोड होना भी बताया जा रहा है."

सड़क पर फैला सरिया, यातायात हुआ बाधित

हादसे के बाद सरिया सड़क पर दूर-दूर तक फैल गया. जिससे कुछ समय के लिए मैहर-अमरपाटन मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालने में मदद की. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

मामले को लेकर थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि शनिवार देर रात सतना रोड पर एक सड़क हादसा हो गया. जिसमें ट्रैक्टर ट्राली पलटने से एक की मौत हुई है, वहीं अन्य लोग घायल हैं. मौके पर पुलिस बल पहुंचा, जहां घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात शुरू कराया."

इंदौर में डंपर से टकराई श्रद्धालुओं से भरी कार

इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक कार डंपर से टकरा गई. घटना में करीब 5 श्रद्धालु जख्मी हुए हैं. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि "कनाडिया ब्रिज पर अर्टिगा कार के एक्सीडेंट होने की सूचना मिली. मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. मेघा निवासी नासिक उनके पति निलेश और बेटा अंशु घायल हुए हैं. जबकि बेटी माही और ड्राइवर हर्ष पालकर को चोट आई है.

उसके बाद पुलिस द्वारा इन सभी को निजी अस्पताल पहुंचाया गया है. जहां निलेश को सिर में गंभीर चोट आई है. जबकि उनकी पत्नी को फैक्चर आया है. ये श्रद्धालु इंदौर से होते हुए उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर जा रहे थे. उसी दौरान कनाडिया ब्रिज के वहां एक डंपर से उनकी कार टकरा गई. डंपर चालक घटनास्थल से फरार है, उसकी तलाश की जा रही है.