ETV Bharat / state

नए साल पर मैहर में अनोखा नजारा, मां शारदा के दर्शन करने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मैहर में नए वर्ष की भव्य शुरुआत, मां शारदा के दर्शन से श्रद्धालुओं ने किया नववर्ष का स्वागत, दर्शन के लिए लगी लाइनें.

MAIHAR MAA SHARDA temple
मैहर में नए वर्ष की भव्य शुरुआत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 1, 2026 at 1:18 PM IST

|

Updated : January 1, 2026 at 2:37 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मैहर: नववर्ष के स्वागत को लेकर देशभर में जहां लोग अलग-अलग अंदाज में जश्न मना रहे हैं वहीं आस्था की नगरी मैहर में नए साल की शुरुआत श्रद्धा और भक्ति के साथ की जा रही है. हजारों श्रद्धालु नए वर्ष के पहले दिन मां शारदा के दर्शन कर अपने दिन और वर्ष की शुभ शुरुआत कर रहे हैं. 31 दिसंबर की शाम से ही मैहर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आमद तेज हो गई थी, जो अब तक जारी है.

देशभर से मैहर पहुंच रहे श्रद्धालु
नववर्ष के अवसर पर मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु मैहर पहुंचे हैं. श्रद्धालुओं का मानना है कि वर्ष के पहले दिन मां शारदा के दर्शन करने से पूरे वर्ष सुख, समृद्धि और सफलता बनी रहती है. इसी आस्था के चलते मां शारदा मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं.

मां शारदा के दर्शन करने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ (ETV Bharat)

मां शारदा का विशेष श्रृंगार, विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
नए वर्ष के उपलक्ष्य में मां शारदा का विशेष श्रृंगार किया गया. मंदिर में भोर से ही पूजा-अर्चना, आरती और विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया गया. विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए. मंदिर परिसर 'जय मां शारदा' के जयकारों से गूंज उठा और भक्तिभाव का अद्भुत वातावरण देखने को मिला.

प्रशासन सतर्क, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मैहर के मां शारदा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. मंदिर परिसर, सीढ़ियों, रोपवे क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

DEVOTEES DARSHAN MAA SHARDA
श्रद्धालुओं ने किए मां शारदा के दर्शन (ETV Bharat)

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और सुचारु दर्शन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसके अलावा होटल संचालकों, ढाबा मालिकों और दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की मनमानी, अधिक वसूली या लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
नववर्ष के मौके पर श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. यातायात को सुचारु रखने के लिए अलग-अलग रूट प्लान तैयार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो.

DEVOTEES DARSHAN MAA SHARDA
दर्शन के लिए लाइन में लगे भक्त (ETV Bharat)

आस्था और सुरक्षा का संगम
नए वर्ष के अवसर पर मैहर में आस्था, अनुशासन और सुरक्षा का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है. श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन कर न केवल अपने दिन की बल्कि पूरे वर्ष की मंगल कामना कर रहे हैं. प्रशासन की तैयारियों और व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट नजर आ रहे हैं.

सुबह से खोल दिए थे मंदिर के कपाट
मंदिर के प्रधान पुजारी पवन पाण्डेय ने बताया कि, ''नए वर्ष पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का मैहर के मंदिर पहुंचना शुरु हो गया था. भक्त मां शारदा के दर्शन कर नए वर्ष का शुभारंभ कर रहे हैं. सुबह सुबह ही मां शारदा का श्रृंगार कर पूजा अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए गए थे. सुबह से ही भारी संख्या में श्रद्धालु मैहर पहुंचकर मां के दर्शन कर रहे हैं.''

मंदिर पहुंची श्रद्धालु श्वेता सिंह ने बताया कि, ''मैं जबलपुर में रहती हूं लेकिन नए वर्ष का सफर मां शारदा के दर्शन कर शुरू किया है. मां शारदा की बहुत महिमा है इसके साथ साथ आज दर्शन करने के बाद एक अलग सुख महसूस होता है. इसलिए मैंनें मैहर पहुंच कर मां शारदा के दर्शन किए हैं और नए वर्ष का शुभारंभ किया है.''

Last Updated : January 1, 2026 at 2:37 PM IST