मैहर में कुएं में गिरा बैल, बचाने उतरे तीन युवकों की दम घुटने से मौत, एक की हालत गंभीर
मैहर के खरमसेड़ा गांव में दर्दनाक हादसा, बैल के बचाव अभियान के दौरान दम घुटने से तीन की मौत, एक का इलाज जारी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 4, 2026 at 7:38 AM IST
|Updated : July 4, 2026 at 8:38 AM IST
मैहर: अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खरमसेड़ा में एक दुखद हादसे में तीन युवकों की जान चली गई. ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार को गांव का एक बैल कुएं में गिर गया था. उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. किसी को अंदाजा नहीं था कि बैल को बचाने की यह कोशिश कुछ ही देर में तीन परिवारों की खुशियां छीन लेगी.
बताया जा रहा है कि बैल को बाहर निकालने के लिए सबसे पहले एक युवक कुएं में उतरा. कुछ समय तक उसकी कोई आवाज नहीं आई तो ऊपर मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. उसे बचाने के लिए दूसरा और फिर तीसरा युवक भी कुएं में उतर गया. इसके बाद चौथा ग्रामीण भी बचाव के लिए नीचे पहुंचा, लेकिन कुएं के भीतर पहुंचते ही सभी की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए.
ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर निकाला बाहर
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए. रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चारों को कुएं से बाहर निकाला गया. इसके बाद तत्काल उन्हें सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया. सिविल अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद कृष्णा कुमार यादव (पिता रामदास यादव), वीरेंद्र यादव (पिता जगदीश यादव) और राहुल यादव (पिता मोतीलाल यादव) को मृत घोषित कर दिया. वहीं चौथे घायल युवक का उपचार जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसडीओपी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि कुएं के भीतर ऑक्सीजन की कमी या किसी जहरीली गैस के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.

- शिकार की तलाश या मौत का कुआं, पन्ना में 10 दिन में डूबने से तीसरे तेंदुए ने गंवाई जान
- कुएं से आई छपाक की आवाज, पुलिस ने निकाला हजारों लीटर पानी, निकली चीज को देख खुश ग्रामीण
- जबलपुर में बड़ा हादसा, डूब रहे लड़के को बचाने 2 दोस्तों ने लगाई नर्मदा में छलांग, तीनों की मौत
मामले पर जानकारी देते हुए अमरपाटन एसडीओपी ख्याति मिश्रा ने बताया कि खरमसेड़ा में एक कुएं पर बैल गिरने की वजह से ग्रामीणों द्वारा उसे निकालने का काम किया जा रहा था. जिसके लिए चार लोग कुएं के अंदर गए हुए थे. जिसके बाद उनकी स्थिति खराब होने की वजह से उन्हें बाहर निकला गया. लेकिन उनमें से अस्पताल पहुंचते हुए तीन की मौत हो गई और एक का इलाज अमरपाटन सिविल अस्पताल में जारी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.''
पूरे गांव में शोक का माहौल
एक साथ तीन युवकों की मौत से ग्राम खरमसेड़ा में मातम पसरा हुआ है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में हर ओर इसी हादसे की चर्चा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बैल को बचाने की कोशिश में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जिससे पूरा गांव सदमे में है. यह हादसा एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि कुओं, टैंकों और बंद स्थानों में बिना सुरक्षा इंतजाम और पर्याप्त जांच के उतरना कितना खतरनाक साबित हो सकता है.

