चलती बस में असिस्टेंट प्रोफेसर की अश्लील हरकतें, महिला ने चुपके से बनाया वीडियो
मैहर के अमरपाटन में बस में सीट पर बगल में बैठी महिला के साथ गंदी हरकत. चुपके से बनाया वीडियो बना बड़ा सबूत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 16, 2026 at 1:07 PM IST
मैहर: चलती बस में महिला से छेड़छाड़ के आरोप में असिस्टेंट प्रोफेसर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी को तत्काल न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. बस में छेड़छाड़ की घटना 23 मार्च की है. उस दौरान असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आलोक सिन्हा सतना से अमरपाटन महाविद्यालय जा रहे थे. यात्रा के दौरान उसने बस में महिला के साथ गंदी हरकत की.
सीट पर बगल में बैठी महिला से छेड़छाड़
जैसे ही सीट पर बगल में बैठी महिला से असिस्टेंट प्रोफेसर ने छेड़छाड़ शुरू की तो महिला ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी की हरकतों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. यह वीडियो बाद में मामले का महत्वपूर्ण साक्ष्य बना. घटना के बाद पीड़ित महिला सीधे अमरपाटन थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, आपराधिक धमकी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण कायम किया गया.
फरार चल रहा था आरोपी, अदालत पहुंचा
पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी फरार हो गया था. 10 अप्रैल को पुलिस ने उसका फरारी का चालान न्यायालय में पेश किया. इसके बाद आरोपी स्वयं जमानत के लिए अदालत पहुंचा. अदालत ने आरोपी को राहत देने से इनकार कर दिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त रुख अपनाया. कोर्ट ने आरोपी को एक दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया. पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए उसे जेल भेज दिया.
- शादीशुदा महिला को फ्लाइंग किस, नाबालिग को गलत इशारे, इंदौर में नहीं थम रहे छेड़छाड़ के मामले
- शिवपुरी में खेत पर काम कर रही महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर जूते से की पिटाई
पुलिस कर रही गहन जांच, यात्रियों से पूछताछ
पुलिस अब बस में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है. इसके साथ ही वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर केस को मजबूत करने की तैयारी की जा रही है. थाना प्रभारी विजय परस्ती ने बताया "महिला द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जिसके बाद काफी दिनों से आरोपी की तलाश की जा रही थी. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है."

