आंगनबाड़ी शिक्षा में मैहर का बड़ा कमाल, आधुनिक स्मार्ट क्लास में छात्रों को मिल रहा डिजिटल ज्ञान
मैहर में आंगनबाड़ी शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 112 केंद्रों में हाईटेक तरीके से हो रही पढ़ाई. पुष्पेंद्र कुमार कुशवाहा की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 22, 2026 at 8:39 PM IST
मैहर: जिला प्रशासन ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी कामयाबी की ओर कदम बढ़ाया है. आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक, आकर्षक एवं बच्चों के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है. मैहर के 112 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों को डिजिटल सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल और खेल सामग्री से लैस किया गया है.
जिले के तीनों ब्लॉकों में हुआ डिजिटलीकरण
मध्य प्रदेश सरकार की योजना के अनुसार, मैहर विकासखंड में 47, अमरपाटन में 27 और रामनगर में 38 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इन केंद्रों पर बच्चों के लिए 32 इंच की एलसीडी टीवी लगाई गई है. साथ ही कहानी, कार्टून, बाल गीत, मनोरंजक गतिविधियों और शैक्षणिक सामग्री से संबंधित वीडियो वाली पेनड्राइव भी उपलब्ध कराई गई है. ताकि खेल के माध्य से छोटे-छोटे बच्चों को शिक्षा के साथ जोड़ा जा सके.

एक बटन से मिलेगी डिजिटल शिक्षा
मैहर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता टीवी में पेनड्राइव लगाकर रिमोट के माध्यम से बच्चों को उनकी उम्र और सीखने की क्षमता के अनुरूप विभिन्न शैक्षणिक एवं मनोरंजक वीडियो दिखा सकेंगी. इससे बच्चों को पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ-साथ ऑडियो-विजुअल माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा. सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर फिल्टर भी लगाए गए हैं. वहीं बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए बड़े आकार के खेल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं.

बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान
कलेक्टर विदिशा मुखर्जी के निर्देशन पर 112 आंगनबाड़ियों में कई सुविधाएं शुरू की गई हैं. इनमें झूला, फिसलपट्टी सहित अन्य खेल सामग्री शामिल है. इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को शिक्षा, खेल, मनोरंजन और सीखने का आकर्षक केंद्र बनाना है.
- छिंदवाड़ा हॉस्पिटल की वॉर्मर मशीन से झुलसे 3 नवजातों में से 1 की मौत, 2 गंभीर
- गर्भवती ने बारिश में कपड़े के झूले में तय किया 8 KM, चेहरा देखने से पहले ही मां ने खोया बच्चा
कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने बताया, "सरकार की मंशा को देखते हुए मैहर की आंगनबाड़ियों में नए नवाचार किये गये हैं. जिले की 112 आंगनबाड़ियों में पीने के लिए आरओ वाटर मशीन लगाई गई है. खेलने के लिए अलग-अलग उम्र के बच्चों के लिए खिलौने का इंतजाम किया गया है. इसके साथ-साथ डिजिटल उपकरणों के माध्यम से बच्चों को शिक्षित करने का काम भी किया जाएगा. ताकि छोटे-छोटे बच्चों की नींव मजबूत हो सके और भविष्य पर पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक मजबूती भी सभी बच्चों को मिल सके."

