पंचकूला में 91 वर्षीय महिला की नौकरानी ने 40 लाख के गहनों पर किया हाथ साफ, पुलिस ने किया गिरफ्तार
91 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घरेलू नौकरानी को चोरी के 40 लाख के गहनों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Published : June 23, 2026 at 8:07 PM IST
पंचकूला: स्थानीय पुलिस ने 91 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला के घर से लाखों रुपये के कीमती गहनों की चोरी के मामले में घरेलू नौकरानी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी गहने भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस ने लगभग 40 लाख रुपये के कीमती सोने और डायमंड के गहने बरामद किए हैं.
खाना बनाने के लिए आती थी घर: एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार "13 जून को चंडीगढ़ निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी 91 वर्षीय सास, पंचकूला के मनसा देवी क्षेत्र में रहती हैं. उन्होंने बताया कि सास के घर में खाना बनाने का काम करने वाली एक युवती ने घर में रखे सोने और डायमंड के कीमती गहने चोरी कर लिए हैं. शिकायत पर थाना मनसा देवी पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज कर आगामी जांच की."
संदिग्धों से पूछताछ में गहराया शक: डिटेक्टिव स्टॉफ इन्चार्ज तजिन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मामले की जांच करते हुए तथ्यों, परिस्थितियों और संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में गहन पूछताछ की. इस दौरान घर में खाना बनाने के लिए आने वाली महिला पर संदेह होने पर उससे पूछताछ की गई. शक गहराने पर पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में चंडीगढ़ के मनीमाजरा की रहने वाली 33 वर्षीय आरोपी महिला हीना को 20 जून को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी महिला के खुलासे के बाद चोरी किए गए गहने बरामद किए गए.
सलाखों के पीछे पहुंची आरोपी: डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के "अनुसार 21 जून को आरोपी महिला को अदालत में पेश कर उसका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया. रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये के कीमती सोने व डायमंड के गहने बरामद किए. इसके बाद आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया."
पुलिस की अपील: पंचकूला पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "घरेलू कर्मचारियों को रखने से पहले उनका सत्यापन (वेरिफिकेशन) अवश्य करवाएं."

