पटना में महाशिवरात्रि पर भव्य समारोह, CM नीतीश और BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने खाजपुरा मंदिर में की पूजा-अर्चना
महाशिवरात्रि पर पटना में शोभायात्रा में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने झांकियों का अभिनंदन किया. नीतीश कुमार, चिराग पासवान सहित कई नेता शामिल हुए.

Published : February 16, 2026 at 11:42 AM IST
पटना: बिहार की राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में महाशिवरात्रि का पावन त्योहार बड़ी ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. लोग भगवान शिव की आराधना में लीन हैं और विभिन्न मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. इस अवसर पर धार्मिक आयोजन, भजन-कीर्तन और शोभायात्राएं निकाली गई.
पटना में निकली भव्य शोभायात्रा: पटना में महाशिवरात्रि के मौके पर एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न इलाकों से सजी-धजी झांकियां शामिल थी. इस यात्रा में कई प्रमुख राजनेता और बड़ी संख्या में आम श्रद्धालु शामिल हुए. यात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए भगवान भोलेनाथ के प्रति भक्ति का संदेश फैलाया और लोगों में उत्साह का संचार किया.
नितिन नबीन ने की झांकियों की सराहना: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बांकीपुर विधायक नितिन नबीन ने खाजपुरा स्थित शिव मंदिर के निकट आयोजित महाशिवरात्रि शोभायात्रा के अभिनंदन महोत्सव में शिरकत की. उन्होंने विभिन्न इलाकों से आई झांकियों का अभिनंदन किया और आयोजन की भव्यता की प्रशंसा की. नितिन नबीन ने कहा कि यह आयोजन प्रतिवर्ष और अधिक भव्य रूप धारण कर रहा है.

खाजपुरा मंदिर में पूजा-अर्चना: नितिन नबीन ने खाजपुरा, नेहरू मार्ग स्थित शिव मंदिर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने देश और बिहार में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की. पूजा के बाद उन्होंने भक्तों के साथ आशीर्वाद लिया और धार्मिक माहौल में शामिल होकर त्योहार की महत्ता को रेखांकित किया.

पटना सिटी गौरी शंकर मंदिर में भी की पूजा: महाशिवरात्रि के अवसर पर नितिन नबीन पटना सिटी के प्रसिद्ध गौरी शंकर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने देवों के देव महादेव की पूजा-अर्चना की. यहां भी उन्होंने देश की समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की. मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे, जिन्होंने उनके साथ भक्ति में भाग लिया.

नितिन नबीन ने की संजीव चौरसिया की सराहना: आयोजकों ने नितिन नबीन को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया. उन्होंने अभिनंदन समिति के संयोजक और दीघा विधायक संजीव चौरसिया की विशेष तारीफ की, जिनके नेतृत्व में यह आयोजन वर्षों से सफलतापूर्वक हो रहा है. नितिन नबीन ने कहा कि संजीव चौरसिया के प्रयासों से हर साल आयोजन का स्तर बढ़ता जा रहा है.
"प्रति वर्ष समिति द्वारा यह आयोजन किया जाता है और प्रत्येक वर्ष इसका स्वरूप बढ़ता जा रहा है."-नितिन नबीन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

वरिष्ठ नेता और मंत्री भी हुए शामिल: आयोजक संजीव चौरसिया ने बताया कि पिछले कई वर्षों से यह शोभायात्रा आयोजित की जा रही है. इस बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बिहार सरकार के कई मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए. सभी ने शिव भक्तों का हौसला बढ़ाया और त्योहार की धार्मिक गरिमा को और ऊंचा किया.

"पिछले कई साल से महाशिवरात्रि शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. इस बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के अलावा बिहार सरकार के कई मंत्री कार्यक्रम में शामिल हुए. तमाम नेताओं ने शिव भक्तों का हौसला अफजाई किया."- संजीव चौरसिया, आयोजक/दीघा विधायक
ये भी पढ़ें-
बिहार का हिलता-डुलता और बढ़ता शिवलिंग, जो हर साल बदल लेता है अपना स्थान!
महाशिवरात्रि: 5 फीट की मौड़ी धारण कर दूल्हा बनेंगे मुजफ्फरपुर के सरकार 'बाबा गरीबनाथ'

