ETV Bharat / state

महाशिवरात्रि: 5 फीट की मौड़ी धारण कर दूल्हा बनेंगे मुजफ्फरपुर के सरकार 'बाबा गरीबनाथ'

महाशिवरात्रि पर क्या है 68 सालों की परंपरा, कहां तैयार हो रही बाबा की विशेष मौड़ी, पढ़ें रिपोर्ट

Baba Garibnath
बाबा गरीबनाथ की मौड़ी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 14, 2026 at 7:32 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर : उत्तर बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मंदिर परिसर को फूल-माला से सजाया जा रहा है. शिव-पार्वती विवाहोत्सव को लेकर पूरे शहर में उत्सव का माहौल है. वहीं पिछले 68 वर्षों से बाबा गरीबनाथ की मौड़ी तैयार करने वाला परिवार इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ भगवान शिव की विशेष मौड़ी बनाने में जुटा हुआ है.

68 साल पुरानी परंपरा : शिव-पार्वती विवाह के अवसर पर बाबा गरीबनाथ 5 फीट ऊंची मौड़ी धारण करेंगे, जबकि बारात में 3 फीट की मौड़ी का उपयोग किया जाएगा. मौड़ी निर्माण की यह अनूठी परंपरा 68 वर्षों से निशुल्क निभाई जा रही है. इस परंपरा की शुरुआत फग्गूलाल साह ने की थी, जिसे बाद में रामनारायण साह और राजकुमार साह ने आगे बढ़ाया. वर्तमान में यह कार्य चौथी पीढ़ी द्वारा किया जा रहा है.

इतने दिनों में तैयार होता है मौड़ी : मौड़ी निर्माण में करीब 15 दिनों का समय लगता है. इसे कुट, जीरा, साज और तार से तैयार किया जाता है. साथ ही इसमें मोती, जड़ी-बूटी और रुद्राक्ष का विशेष श्रृंगार किया जाता है. कारिगर गनौर राम पिछले लगभग 46 से 50 वर्षों से लगातार बाबा की मौड़ी तैयार कर रहे हैं.

Baba Garibnath
बाबा गरीबनाथ की मौड़ी (ETV Bharat)

''बाबा की मौड़ी बनाने की परंपरा में चार पीढ़ियों का योगदान रहा है. परदादा फग्गूलाल साह से शुरू हुई यह सेवा आज भी पूरे समर्पण के साथ निभाई जा रही है. हाथों में दर्द के बावजूद बाबा की सेवा में मौड़ी बनाना आत्मिक संतोष देता है. हर वर्ष दो मौड़ियां तैयार की जाती हैं. एक पूजा-मटकोर के लिए और दूसरी बारात एवं विवाह के लिए. ''- रंजन साह, परिवार के सदस्य

शिवरात्रि के दिन पूरा शहर बाबा के बाराती : बीजेपी नेता प्रभात मालाकार ने बताया कि महाशिवरात्रि पर देशभर में उत्साह है, लेकिन बिहार का गरीबनाथ धाम विशेष आकर्षण का केंद्र है. मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार से पांच लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ के विवाहोत्सव में शामिल होते हैं. इस अवसर पर पूरा शहर बाबा का बाराती बन जाता है.

Baba Garibnath
मौड़ी तैयार करने में लगे कारीगर (ETV Bharat)

इन इलाकों से गुजरेगी शिव बारात : मड़वा-मटकोर पूजन के साथ शनिवार से शिव-पार्वती विवाहोत्सव की शुरुआत होगी. रविवार दोपहर शहर में भव्य शिव बारात निकाली जाएगी. गोला रोड स्थित रामभजन बाजार बारात घर से शिव बारात निकलेगी. शोभायात्रा गोला रोड दुर्गास्थान, ब्राह्मण टोली, सोनारपट्टी, पुरानी बाजार, छोटी कल्याणी, हरिसभा चौक, कल्याणी चौक, मोतीझील, संतोषी माता मंदिर, इस्लामपुर, सूतापट्टी, सरैयागंज और दलदली बाजार होते हुए बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचेगी.

Baba Garibnath
बाबा गरीबनाथ (ETV Bharat)

''इस बार शोभायात्रा में कई अद्भुत झांकियां शामिल की गई हैं. पहली बार शेर पर सवार मां दुर्गा की झांकी आकर्षण का केंद्र होगी. इसके अलावा शनिदेव, मां दुर्गा और एक रथ पर शिव-पार्वती के वरमाला दृश्य को भी दर्शाया जाएगा.'' - केदारनाथ प्रसाद, शिव बारात के संयोजक

शोभायात्रा में लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे : बारात निकलने से पूर्व बाबा गरीबनाथ मंदिर में भगवान शिव को पांच फीट की मौड़ी पहनाकर रथ पर सवार किया जाएगा. इसके बाद बाबा माखन साह चौक से निकलने वाली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं के साथ शामिल होंगे.

ये भी पढ़ें :-

500 पंडित, विदेशी फूल, गंगोत्री का ब्रह्म कमल, जानिए क्यों इतनी खास है यहां की शिवरात्रि