महासमुंद में कांग्रेस का कलेक्टोरेट घेराव, मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत बड़ा प्रदर्शन, पुलिस से भी झूमाझटकी
मनरेगा का नाम “वी बी जी राम जी” किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने महासमुंद में कलेक्टोरेट का घेराव किया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 18, 2026 at 8:21 PM IST
महासमुंद: जिले में कांग्रेस ने मनरेगा का नाम “VB जी राम जी” किए जाने के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया. सैकड़ों कार्यकर्ता महासमुंद कलेक्टोरेट का घेराव करने निकले. इस विरोध प्रदर्शन को “मनरेगा बचाओ संग्राम” नाम दिया गया. प्रदर्शन में एआईसीसी सचिव व छत्तीसगढ़ प्रदेश के सह प्रभारी विजय जांगिड़ और मनरेगा बचाओ संग्राम के प्रदेश प्रभारी, खरसिया विधायक उमेश पटेल भी शामिल हुए.
कांग्रेस भवन से निकली रैली
कांग्रेस भवन में सभा के बाद रैली निकाली गई. रैली शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई कलेक्टोरेट पहुंची. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कलेक्टोरेट पहुंचने पर पहले बैरिकेड पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झूमाझटकी भी हुई.

कुछ पुलिस जवान गिरे
धक्का-मुक्की के दौरान कुछ पुलिस जवान गिर पड़े. मौके पर मौजूद युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने जवानों को उठाया और उनका डंडा भी वापस थमाया. दूसरे बैरिकेड के पास प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर तक नारेबाजी की. बाद में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम महासमुंद को ज्ञापन सौंपा.
योजना का नाम बदलकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है. कांग्रेस ने 100 दिन रोजगार की गारंटी दी थी, जिसे अब एक साधारण स्कीम में बदला जा रहा है.- विजय जांगिड, AICC सचिव
मनरेगा कानून में किए गए बदलाव योजना को खत्म करने की साजिश हैं. गरीबों और मजदूरों के हितों पर सीधा हमला है. उमेश पटेल, विधायक

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पांच लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की थी. जिला प्रशासन ने जिले के चारों एसडीओपी, सभी थाना प्रभारी और लगभग 230 जवान तैनात किए थे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.


