ETV Bharat / state

हमीरपुर में महाराष्ट्र की युवती ने किया सुसाइड, धर्म परिवर्तन कर बदला था नाम, पुलिस कर रही जांच

ग्रामीणों का आरोप है, युवती के गर्भवती होने पर धर्म परिवर्तन कर निकाह कराया गया था. तीन माह पहले एक बच्चे को जन्म दिया था.

युवती ने किया सुसाइड.
युवती ने किया सुसाइड. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 6:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर : बिवांर थाना क्षेत्र में एक युवती ने सुसाइड कर लिया. परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. मामले में पुलिस धर्म परिवर्तन की भी जांच कर रही है.

पुलिस क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया, मृतका की पहचान महाराष्ट्र के रत्नागिरी के पीपल गांव की उत्कर्षा परिवर्तित नाम फातिमा पुत्री सुनील सकपाल के रूप में हुई है. उत्कर्षा मुंबई के एक रेस्टोरेंट में काम करती थी. जहां उसकी मुलाकात बिगहना निवासी मुर्तजा खान से हुई.

मुर्तजा वहीं चिकन शॉप में नौकरी करता था. करीब तीन साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए. इसके बाद मुर्तजा उत्कर्षा को लेकर अपने बिगहना गांव आ गया.

पुलिस क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया, आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि अप्रैल 2008 है, जिसके मुताबिक युवती उस समय नाबालिग थी. गांव आने के बाद उसका धर्म परिवर्तन कर नाम फातिमा रखे जाने की बात सामने आई है.

पूछताछ में पति मुर्तजा ने पुलिस को बताया, शुक्रवार सुबह घर के एक पारिवारिक विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. इसके बाद वह अपनी मीट की दुकान चला गया. इसी दौरान करीब 11 बजे उत्कर्षा उर्फ फातिमा ने घर में सुसाइड कर लिया. सीओ ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है.

ग्रामीणों ने बताया, कुछ माह पहले युवती के गर्भवती होने पर ग्राम प्रधान की मौजूदगी में युवती का धर्म परिवर्तन कर निकाह कराया गया था और उसने तीन माह पहले एक बच्चे को जन्म दिया था. हालांकि ग्राम प्रधान ने इन आरोपों से इनकार किया है.

पुलिस क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया, प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रहा है. सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : मेरठ का सबसे बड़ा अस्पताल 'बीमार'; न डॉक्टर, ना दवाई, 'संविदा' पर चल रहा काम